
INDvsNZ गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद विराट कोहली की बेहतरीन 74 रनों की पारी की बदौलत भारत ने ऑकलैंड में खेले गए पहले एकदिवसीय मैच में न्यूजीलैंड को 5 विकेटों से हराकर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
186 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने पहले ही ओवर में रोहित शर्मा का विकेट गंवा दिया उनका विकेट काइल जैमीसन ने लिया। इसके बाद विराट कोहली और शुभमन गिल के बीच शतकीय साझेदारी हुई।
हालांकि जब लगा भारत यह मैच आसानी से जीत लेगी तब शुभमन गिल 37 रन और विराट कोहली 74 रनों पर आउट हो गए। क्रीज पर आए अक्षर पटेल भी बिना खाता खोले आउट हो गए। टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर भी 15 रन बनाकर चलते बने। ऐसे में भारत को 5 विकेटों से ही जीत मिल पाई। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए।
A strong start in Auckland as India go 1-0 up in the ODI series : https://t.co/jdZ9ThMt2k https://t.co/qXM7783FZH
— ICC (@ICC) November 4, 2026
बारिश के व्यवधान से एक घंटे से अधिक समय तक खेल नहीं हो पाने के कारण भारत के सामने डकवर्थ लुईस पद्वति से 40 ओवर में 167 रन का लक्ष्य रखा गया। इसके बाद 2.1 ओवर का खेल ही हो पाया था कि फिर से बारिश आ गई। खेल शुरू होने पर भारत को 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य दिया गया।
भारत ने कोहली (51 गेंद पर 74 रन, 13 चौके, एक छक्का) और कप्तान शुभमन गिल (37) के बीच दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की मदद से 22.4 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर दिया। भारत ने हालांकि जिस तरह से 22 रन के अंदर चार विकेट गंवाए वह टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय हो सकता है।
पहली बार जब बारिश के कारण खेल रुका तब भारत ने एक विकेट पर 54 रन बनाए थे। दूसरे व्यवधान के समय उसका स्कोर एक विकेट पर 64 रन था।भारतीय बल्लेबाजों विशेषकर कोहली ने दो बार व्यवधान के बावजूद अपनी एकाग्रता भंग नहीं होने दी और सहजता से रन बटोरे। कोहली शुरू से आक्रामक होकर खेल रहे थे और उन्होंने चौकों की झड़ी लगाने में कोताही नहीं बरती।
अब केवल वनडे प्रारूप में खेलने वाले कोहली ने ब्लेयर टिकनर की गेंद पर छक्का लगाया और इसी गेंदबाज के अगले ओवर में चौका लगाकर 35 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने इस ओवर में दो और चौके लगाए। गिल ने हालांकि नाथन स्मिथ की तेजी से उठती गेंद पर टॉम लैथम को हवा में लहराता कैच दे दिया। उन्होंने अपनी 56 गेंद की पारी में पांच चौके लगाए।
जैकब डफी (49 रन देकर तीन विकेट) ने एक ओवर में कोहली और अक्षर पटेल को आउट करके मैच में कुछ रोमांच भरा। टिम सीफर्ट ने कोहली का डीप स्क्वायर लेग पर एक हाथ से शानदार कैच लिया। डफी ने श्रेयस अय्यर (15) के रूप में अपना तीसरा विकेट लिया। नमन धीर (नाबाद पांच) ने विजयी चौका लगाया।
ALSO READ: भारतीय गेंदबाजों का कहर, ऑकलैंड वनडे में न्यूजीलैंड को 185 रनों पर समेटा

