
Cyclone Akvan Update : देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ का खतरा मंडरा रहा है, जो 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा। वहीं दूसरी ओर, उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी और सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर दिखने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज सुबह 08:30 बजे दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के केंद्रीय भागों के ऊपर चक्रवात ‘अक्वान’ (Akvan) की उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बहुत धीमी गति से आगे बढ़ने की प्रक्रिया जारी है। इसके आज रात तक एक गंभीर चक्रवात बनने, उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 19 की शाम तक एक बहुत गंभीर चक्रवात में बदलने तथा 20 तारीख की दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की संभावना है।
Cyclonic Storm “Akvan” Likely to Intensify into Severe Cyclonic Storm Today, Very Severe by 19 November 2026 #CycloneAkvan #CycloneUpdate #BayOfBengal #SevereCyclonicStorm #VerySevereCyclonicStorm #IMD #WeatherUpdate @moesgoi @airnewsalerts @DDNational @ndmaindia @ICRER_MHA https://t.co/L9xSeMl1lP
— India Meteorological Department (@Indiametdept) November 17, 2026
मंगलवार 17 नवंबर 2026 को यह चेन्नई से करीब 610 किलोमीटर पूर्व, मछलीपट्टनम से 660 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था। यह प्रणाली उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रही है।
अक्वान के 20 नवंबर दोपहर नेल्लोर-तुनी के बीच आंध्र तट पर टकराने की संभावना है। इस दौरान राज्य में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। लैंडफॉल के समय हवाओं की निरंतर गति 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है। लैंडफॉल के बाद यह तेजी से कमजोर होते हुए तेलंगाना की तरफ बढ़ेगा। मछुआरों और नाविकों को समुद्र में न जाने की सख्त चेतावनी जारी की गई है। ओडिशा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी बारिश का प्रभाव दिख सकता है।
दक्षिण भारत में केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 22 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप में 22 नवंबर को, तटीय और आंतरिक कर्नाटक में 20 से 22 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 18 नवंबर तक और 21 नवंबर को, जबकि रायलसीमा में 18 नवंबर तक और 21 से 22 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. तेलंगाना में 19 नवंबर को बारिश होने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में 21 से 22 नवंबर को, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में 19 से 21 नवंबर के बीच कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। असम और मेघालय में 22 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ ठंड
उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम का मिजाज बदल गया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी के बाद पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली में ठंड का असर दिखाई दे रहा है। 17 से 20 नवंबर के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है। वहीं, 18 नवंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरा छा सकता है।
मध्य प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे अवदाब के असर से 20 नवंबर से प्रदेश में कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, उमरिया, अनूपपुर, शहडोल में हल्की बारिश की भी संभावना है। सोमवार को 12.4 डिग्री तापमान के साथ दमोह रात में राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा।


