क्या मोदी और ट्रंप के बीच मनीला में होगी द्विपक्षीय बातचीत? जानें किन मुद्दों पर रहेगी नजर

क्या मोदी और ट्रंप के बीच मनीला में होगी द्विपक्षीय बातचीत? जानें किन मुद्दों पर रहेगी नजर

ASEAN Summit: फिलीपींस की राजधानी मनीला में आसियान (ASEAN) शिखर सम्मेलन के दौरान आयोजित हो रही क्वाड (QUAD) नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हो सकती है। दो बड़े नेताओं की इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजर है। दरअसल, अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन में ट्रंप की रि‍पब्लिकन पार्टी की करारी हार के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात होगी। हालांकि विदेश मंत्रालय ने मोदी और ट्रंप की द्विपक्षीय मुलाकात को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। 

क्या हो सकते हैं मुलाकात के मुद्दे?

माना जा रहा है कि यदि दोनों नेताओं में मुलाकात होती है तो प्रमुख रूप से भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापारिक वार्ताओं को आगे बढ़ाने पर बातचीत हो सकती है साथ ही टैरिफ से जुड़े मुद्दे भी चर्चा का विषय हो सकते हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध और मध्य एशिया के हालात पर भी चर्चा हो सकती है। यह भी माना जा रहा है कि चूंकि चुनाव के बाद ट्रंप अमेरिका में काफी कमजोर हुए हैं, ऐसे में 100 फीसदी टैरिफ वाली रणनीति से वे पीछे भी हट सकते हैं।

 

उल्लेखनीय है कि जून 2026 – G7 समिट के दौरान मोदी और ट्रंप की मुलाकात में पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया के संघर्ष को समाप्त करने और क्षेत्र में स्थिरता बहाल करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के प्रयासों की सराहना की थी। दोनों नेताओं ने उस समय ‘भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ को और मजबूत करने तथा सभी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई थी। दोनों देशों के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने और समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ था।

सम्मेलन में क्या कहा मोदी ने?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मोदी ने आसियान की एकता और केंद्रीयता के प्रति भारत के अटूट समर्थन को दोहराया और एक शांतिपूर्ण, खुले तथा समावेशी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के साझा दृष्टिकोण को रेखांकित किया। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और आसियान देशों के नेताओं ने ‘आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ की प्रगति की समीक्षा की।

नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही, नेताओं ने वर्ष 2026 को ‘आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष’ के रूप में मनाने के लिए शुरू की गई पहलों की भी सराहना की। इस दौरान मोदी ने आसियान पर्यटकों के लिए भारत यात्रा के लिए निशुल्क ई-वीजा प्रदान करने की भी बात कही।