Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में तेजी से ताकतवर हो रहा तूफान ‘अकवान’, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली से यूपी तक ऐसा रहेगा मौसम

Cyclone Akvan Alert: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार ताकतवर हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा बुलेटिन के मुताबिक यह तूफान 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके बाद 19 नवंबर की सुबह तक इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की आशंका है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि तूफान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तट से नेल्लोर और तूनी के बीच टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है जबकि झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।

चक्रवाती तूफान के असर से तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश की भी आशंका है। तेलंगाना में 20 और 21 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में अलग-अलग दिनों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तर भारत की बात करें तो उत्तर प्रदेश में 17 और 18 नवंबर को घना कोहरा छाने की संभावना है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 19 से 21 नवंबर तक घने कोहरे का अलर्ट है। मौसम विभाग ने मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

बंगाल की खाड़ी में कैसे ताकतवर हो रहा है चक्रवात अकवान?

IMD के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव 16 नवंबर को शाम 5:30 बजे चक्रवाती तूफान अकवान में बदल गया था। उस समय यह दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। 17 नवंबर की सुबह 8:30 बजे भी यह इसी क्षेत्र में बना हुआ था और धीरे-धीरे उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा था।

मौसम विभाग का अनुमान है कि यह इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए 17 नवंबर की शाम तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा। इसके बाद तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 19 नवंबर की सुबह तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। इसके बाद भी इसकी दिशा उत्तर-पश्चिम रहने का अनुमान है।

20 नवंबर को आंध्र प्रदेश-यानम तट से टकरा सकता है तूफान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक चक्रवाती तूफान अकवान 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश और यानम के तट को पार कर सकता है। इसके नेल्लोर और तूनी के बीच से बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में गुजरने की संभावना है। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। हवा के झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। तटीय इलाकों में तूफान का प्रभाव काफी तेज रहने की आशंका है।

आंध्र प्रदेश के इन जिलों में समुद्र का पानी भरने का खतरा

IMD ने आंध्र प्रदेश के कुछ तटीय जिलों के निचले इलाकों में समुद्र का पानी भरने की चेतावनी भी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक तूफान के तट पार करने के दौरान समुद्र में उठने वाली लहरों की वजह से 1 से 2 मीटर तक ऊंचा तूफानी ज्वार (Storm Surge) आ सकता है। इससे प्रकाशम, बापटला, कृष्णा, पश्चिम गोदावरी, कोनसीमा और काकीनाडा जिलों के निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका है।

बापटला, कृष्णा और पश्चिम गोदावरी जिलों में 20 नवंबर की सुबह से दोपहर तक तूफानी ज्वार का सबसे अधिक प्रभाव रहने का अनुमान है। इसके बाद स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो सकता है। हालांकि इन जिलों के तटों के आसपास 20 नवंबर की शुरुआती सुबह से शाम तक खगोलीय ज्वार के स्तर से करीब 0.5 मीटर ऊंचा तूफानी ज्वार बने रहने की संभावना है।

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात अकवान के प्रभाव से दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर तेज हो सकता है। IMD ने तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 19 से 21 नवंबर के दौरान काफी व्यापक बारिश का अनुमान जताया है। 19 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इन दोनों दिनों में अत्यंत भारी बारिश की भी आशंका है। तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 18 नवंबर को भी भारी बारिश हो सकती है। 21 नवंबर को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है।

तेलंगाना में 20 और 21 नवंबर को काफी व्यापक बारिश होने की आशंका है। 20 और 21 नवंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 19 नवंबर और 22-23 नवंबर को भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। रायलसीमा में 18-19 नवंबर और फिर 21-23 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। 20 नवंबर को यहां काफी व्यापक बारिश हो सकती है। 19 और 20 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश और तेज हवाएं

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 17 से 23 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 19 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इन इलाकों में 18 से 20 नवंबर के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। केरल और माहे में भी 17 से 23 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप में 22 और 23 नवंबर को बारिश का अनुमान है। तटीय कर्नाटक, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 21 से 23 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी बारिश का अनुमान

चक्रवात अकवान का असर पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में भी दिखाई दे सकता है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और छत्तीसगढ़ में अलग-अलग तारीखों पर बारिश की आशंका है:-

ओडिशा: राज्य में 18 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 19 से 21 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है। 19 से 21 नवंबर के दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। 18 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पश्चिम बंगाल: गंगा के मैदानी इलाकों में 19 से 21 नवंबर के दौरान काफी व्यापक बारिश हो सकती है। इन दिनों कुछ स्थानों पर भारी बारिश का भी अनुमान है। 18 नवंबर और फिर 22-23 नवंबर को कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 19 से 21 नवंबर के दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

झारखंड: राज्य में 20 और 21 नवंबर को काफी व्यापक बारिश हो सकती है। इन दोनों दिनों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। 19 नवंबर और 22-23 नवंबर को भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

छत्तीसगढ़: राज्य में 18-19 नवंबर और फिर 22-23 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 20 और 21 नवंबर को काफी व्यापक बारिश का अनुमान है। इन दोनों दिनों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी बारिश की संभावना

मध्य भारत के कुछ इलाकों में भी मौसम बदलने का अनुमान है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 23 नवंबर के दौरान कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है। विदर्भ में 20 से 22 नवंबर के दौरान कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 21 नवंबर को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 21 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का भी अनुमान है।

यूपी में 18 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी

चक्रवात अकवान के प्रभाव वाले राज्यों से अलग उत्तर भारत में कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक, पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 17 और 18 नवंबर को कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 19 से 21 नवंबर के दौरान घने कोहरे की संभावना है। इससे पहले 17 नवंबर के लिए भी इन इलाकों में कोहरे की चेतावनी जारी की गई थी।

पूर्वोत्तर और पश्चिम भारत में बड़े मौसमी बदलाव का अनुमान नहीं

IMD के इस बुलेटिन के मुताबिक, अगले एक सप्ताह के दौरान पश्चिम भारत और पूर्वोत्तर भारत में किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं असम के उत्तर-पूर्वी हिस्से और उसके आसपास, सिक्किम और आसपास के क्षेत्रों में निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- रबी की बुआई इस साल 11% कम, रकबा घटकर रह गया 178.25 लाख हेक्टेयर; लेकिन क्यों?