Stock in Focus: 1 साल में 568% का मल्टीबैगर रिटर्न, अब डेटा सेंटर के लिए पेश की केबल की नई रेंज

Stock in Focus: टेलीकॉम और ऑप्टिकल फाइबर कंपनी Sterlite Technologies Limited (STL) ने डेटा सेंटर के लिए फाइबर ऑप्टिक केबल की नई रेंज पेश की है। ये केबल कंपनी की Neuralis डेटा सेंटर प्रोडक्ट रेंज का हिस्सा हैं।

कंपनी के मुताबिक, नई रेंज में 48 से लेकर 6,912 ऑप्टिकल फाइबर वाली केबल शामिल हैं। इन्हें खासतौर पर बड़े डेटा सेंटरों के लिए तैयार किया गया है। इन डेटा सेंटरों में लगातार ज्यादा मात्रा में डेटा ट्रांसफर की जरूरत बढ़ रही है।

साइट पर कनेक्टर लगाने की जरूरत नहीं

इन केबल्स की खास बात यह है कि इनके सिरों पर कनेक्टर फैक्ट्री से ही लगे होते हैं। यानी साइट पर पहुंचने के बाद इंजीनियरों को इन्हें हाथ से लगाने की जरूरत नहीं होगी। इससे इंस्टॉलेशन का काम आसान और तेज हो सकता है।

पहली रेंज में 576 तक फाइबर

STL ने इस प्रोडक्ट रेंज को दो हिस्सों में बांटा है। पहली रेंज में 48 से 576 ऑप्टिकल फाइबर वाली केबल हैं। इनका इस्तेमाल एक ही डेटा हॉल के अंदर कनेक्शन के लिए किया जाएगा।

दूसरी रेंज में 144 से 6,912 ऑप्टिकल फाइबर वाली केबल शामिल हैं। इन्हें अलग-अलग बिल्डिंग के बीच या किसी बड़े कैंपस में लंबी दूरी के कनेक्शन के लिए बनाया गया है। ये केबल लंबे समय तक धूप और दूसरी बाहरी परिस्थितियों को झेलने के लिए भी तैयार की गई है।

फाइबर की पहचान करना होगा आसान

STL ने इन केबल्स में एक पेटेंटेड तकनीक का भी इस्तेमाल किया है। इसमें अलग-अलग फाइबर को रंगों के जरिए आसानी से पहचाना जा सकता है। इससे इंस्टॉलेशन के दौरान फाइबर की पहचान करना और उन्हें आपस में स्प्लाइस करना आसान होगा।

शेयर में 5% की गिरावट

शेयर बाजार की बात करें तो Sterlite Technologies का शेयर गुरुवार के कारोबार में करीब 5% गिरकर बंद हुआ। हालांकि, साल 2026 में अब तक शेयर करीब 8 गुना बढ़ चुका है। वहीं 6 महीने में इसने 357.59% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। वहीं, 1 साल में इसने 568.25% का रिटर्न दिया है।

Stocks To Buy: मैक्वेरी ने इन 4 शेयरों पर दी खरीद की राय, मिलेगा 39% का रिटर्न, क्या इनमें से कोई है आपके पास

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।