जम्मू-कश्मीर के कठुआ में CISF जवान ने साथियों पर की फायरिंग, असिस्टेंट कमांडेंट समेत 4 जवानों की मौत

4 CISF Jawans Dead: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में मंगलवार (29 सितंबर) शाम केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक कर्मी ने अपने साथियों पर कथित तौर पर गोली चला दी। इस फायरिंग में असिस्टेंट कमांडेंट समेत सीआईएसएफ के चार कर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शाम करीब साढ़े सात बजे हिमाचल प्रदेश की सीमा के निकट बसोहली के मशका गांव स्थित सेवा-III हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट में हुई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी हेड कांस्टेबल अभिदेश कुमार ने कुछ सहकर्मियों के साथ बहस के बाद अपनी सर्विस राइफल से कथित तौर पर गोलीबारी कर दी। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में सीआईएसएफ के चार कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में नजदीकी एनएचपीसी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडेय, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह और कांस्टेबल रफीक अहमद तथा संदीप कुमार के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि गोलीबारी के बाद आरोपी को उसके सहकर्मियों ने काबू कर लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। जांच के तहत घटना में इस्तेमाल की गई सर्विस राइफल भी जब्त कर ली गई है। अधिकारियों ने कहा कि सीआईएसएफ और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि बहस और उसके बाद गोलीबारी की वजह बनी परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।

जवानों के बीच हुआ था विवाद

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, घटना से पहले सेवा-III हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट यूनिट में जवानों के बीच किसी मुद्दे को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद कथित तौर पर हेड कांस्टेबल ने फायरिंग शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए CISF की ओर से आंतरिक जांच शुरू की जा रही है। जांच में गोलीबारी की वजह, जवानों के बीच हुए विवाद और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जाएगी। फिलहाल पुलिस और CISF की ओर से घटना से जुड़े अन्य डिटेल्स की जांच की जा रही है।

मुठभेड़ में LeT का मोस्ट-वॉन्टेड आतंकवादी मारा गया

इस बीच, पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का एक सबसे वांछित आतंकवादी मंगलवार को मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के ऊंचाई वाले इलाके में राष्ट्रीय राइफल्स के साथ मुठभेड़ में मारा गया। कश्मीर स्थित चिनार कोर ने मारे गए आतंकवादी की पहचान का खुलासा नहीं किया। लेकिन अधिकारियों ने उसकी पहचान सुलेमान शाह उर्फ मूसा के रूप में की। सेना ने x पर पोस्ट किया कि उसने अन्य सुरक्षा बलों के साथ मिलकर मध्य कश्मीर के कोराग, यूसमर्ग के सामान्य क्षेत्र में अभियान शुरू किया था।

सेना ने कहा, “सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती दिए जाने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें एक आतंकवादी को मार गिराया गया।” अधिकारियों ने बताया कि अभियान अभी जारी है और इस दौरान वन क्षेत्र दूधपथरी में हुई मुठभेड़ में मूसा मारा गया।

उन्होंने कहा कि कई वर्षों से पीर पंजाल पर्वतमाला के दोनों ओर हुए कई हमलों में शामिल होने के कारण वांछित मूसा इस महीने की शुरुआत में यूसमर्ग की पहाड़ियों में हुई मुठभेड़ से बच निकला था। अधिकारियों के अनुसार, उसका करीबी सहयोगी यासिर पांच सितंबर को हुई उस मुठभेड़ में मारा गया था। अधिकारियों ने कहा कि मूसा का मारा जाना जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- अब घर बैठे चेक करें अपनी जमीन और मकान का लैंड यूज! DDA ने लॉन्च किया GIS-आधारित डिजिटल मैप

दिल्ली मेट्रो में CISF जवान के इस हरकत पर भड़की लड़की, खूब हुआ हंगामा, देखें वीडियो

दिल्ली के AIIMS मेट्रो स्टेशन पर रविवार रात CISF जवान और यात्रियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। इस विवाद के बाद के बाद यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि एक CISF जवान ने एक लड़की की बिना अनुमति तस्वीर खींची। इस बात को लेकर एक यात्री ने जवान से सवाल किया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। फिलहाल पुलिस में कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। घटना के बाद मामले को लेकर चिंता बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला

रविवार रात करीब 9 बजे दिल्ली मेट्रो में ये विवाद हुआ। आरोप है कि एक लड़की ने जवान पर बिना उसकी अनुमति फोटो खींचने का आरोप लगाया। लड़की के सवाल करने पर CISF जवान ने पहले फोटो खींचने की बात से इनकार किया। इसके बाद उसने जवान से मोबाइल दिखाने को कहा। आरोप है कि फोन की गैलरी में युवती की तस्वीरें मिलने के बाद उसने उन्हें हटाने की मांग की। इसी दौरान एक यात्री ने जवान का मोबाइल अपने पास ले लिया और मामला और बढ़ गया। वायरल वीडियो में कई यात्री जवान से सवाल-जवाब करते नजर आ रहे हैं।

 

हाथ में थी पिस्टल

घटना के बाद आरोपी जवान मेट्रो कोच से बाहर निकलकर प्लेटफॉर्म पर आ गया। आरोप है कि उस समय भी उसके हाथ में पिस्टल थी, जिससे वहां मौजूद यात्रियों में डर का माहौल बन गया। लेकिन वायरल हो रहे वीडियो में ये नजर नहीं आ रहा है। वहीं, CISF सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो सामने आने के बाद से जवान को निलंबित कर दिया गया है और पूरे मामले की विभागीय जांच की जा रही है।

लड़की ने नहीं की लिखित शिकायत

मामले की सूचना मेट्रो पुलिस को भी दी गई। पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:40 बजे AIIMS मेट्रो स्टेशन से घटना को लेकर PCR कॉल मिली, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लेकिन, लड़की ने पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई। इसके बाद CISF अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई।