अब सस्ता होगा कैंसर का इलाज! 1,364 दवाओं की नई कीमतें आज से लागू, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

नई दिल्ली, (ANI): कैंसर का इलाज काफी महंगा होता है। मरीजों और उनके परिवारों को इलाज के साथ-साथ दवाओं पर भी काफी पैसे खर्च करने पड़ते हैं। ऐसे में सरकार ने कैंसर के मरीजों को बड़ी राहत दी है। कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई दवाओं के दाम कम कर दिए गए हैं। इनकी नई कीमतें आज यानी 9 नवंबर 2026 से लागू हो गई हैं। इससे मरीजों को अब पहले के मुकाबले कम कीमत पर दवाएं मिलेंगी।

रसायन और उर्वरक मंत्रालय के तहत आने वाली नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने कैंसर की 137 दवाओं पर मुनाफे की सीमा तय की है। यानी अब इन दवाओं को बेचने वाली कंपनियां और दुकानदार तय सीमा से ज्यादा मुनाफा नहीं कमा सकेंगे। यह फैसला स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की एक विशेषज्ञ समिति की सलाह पर लिया गया है। इस समिति को 17 अक्टूबर 2026 को बनाया गया था। मंत्रालय के मुताबिक, इस फैसले से कैंसर की कई दवाएं पहले के मुकाबले सस्ती हुई हैं। अब तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार:

1. 85 दवा कंपनियों ने नई कीमतों की जानकारी दी है।

2. दवाओं से जुड़ी 1,364 दवाओं के नए MRP बताए गए हैं।

3. 679 ब्रांड की दवाओं के दाम 50 प्रतिशत से ज्यादा घटे हैं।

4. एक दवा की कीमत में सबसे ज्यादा 96.45 प्रतिशत की कमी हुई है।

5. इस फैसले से मरीजों को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है।

दवाओं के नए दाम कैसे पता करें?

अगर आप या आपके परिवार का कोई सदस्य कैंसर की दवा ले रहा है, तो उसकी नई कीमत आसानी से पता कर सकते हैं। इसके लिए दवा के पैक पर छपे MRP को देखें। इसके अलावा आप इन तरीकों से भी दाम चेक कर सकते हैं:

• फार्मा सही दाम ऐप: मोबाइल पर इस ऐप को डाउनलोड करके दवाओं की कीमत देख सकते हैं।

• NPPA की वेबसाइट: nppa.gov.in पर जाकर भी दवाओं के नए दाम चेक कर सकते हैं।

ध्यान रखें कि कोई भी मेडिकल स्टोर, केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी दवा के नए MRP से ज्यादा पैसे नहीं ले सकती। अगर कोई मेडिकल स्टोर या अस्पताल की फार्मेसी दवा के तय दाम से ज्यादा पैसे मांगती है, तो आप इसकी शिकायत कर सकते हैं। इसके लिए सरकार ने दो सुविधाएं दी हैं:

• फार्मा जन समाधान पोर्टल: इस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

• हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255: इस नंबर पर कॉल करके भी अपनी शिकायत बता सकते हैं।

मेडिकल स्टोर और अस्पतालों को भी मानने होंगे नियम

नए नियमों के तहत हर मेडिकल स्टोर, फार्मेसी, अस्पताल और मेडिकल संस्थान को दवाओं की नई कीमतों की लिस्ट अपने परिसर में लगानी होगी। साथ ही, अपनी वेबसाइट पर भी नई कीमतें दिखानी होंगी, ताकि मरीज आसानी से दवाओं के सही दाम जान सकें।

सरकार का कहना है कि इस फैसले का मकसद कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली जरूरी दवाओं को सस्ती कीमत पर उपलब्ध कराना है। ये नियम अगले आदेश तक लागू रहेंगे। दवा कंपनियां साल में एक बार कीमतों में बदलाव की मांग कर सकती हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें 30 प्रतिशत ट्रेड मार्जिन की तय सीमा का पालन करना होगा।