Stock in News: लगातार तीन दिन अमेरिकी कंपनी ने की बिकवाली, आज शेयर अपर सर्किट पर

Mazda Share Price: इंजीनियरिंग गुड्स बनाने वाली मज्दा के शेयर आज उछलकर 5% के अपर सर्किट पर पहुंच गए। इसके शेयरों ने ऐसे समय में रिकवरी की है, जब लगातार तीन दिनों तक अमेरिकी कंपनी रेमंड्स इंटरनेशनल ने इसमें अपनी हिस्सेदारी हल्की की है। अमेरिकी कंपनी ने लगातार तीन दिनों में इसके 5 लाख से अधिक शेयर बेच दिए और इस वजह से लगातार दो दिनों में यह करीब 9% टूट गया था। हालांकि अब आज की बात करें तो इसने तेजी से रिकवरी की और फिलहाल बीएसई पर यह 5% के अपर सर्किट ₹259.60 पर बना हुआ है।

कब, कितने और किस भाव पर बेचे Mazda के शेयर

अमेरिकी कंपनी क्रॉल रेमंड्स इंटरनेशनल ने लगातार तीन दिनों में मजदा के 5,05,811 शेयर बेच दिए। इसमें से 1.50 लाख शेयर क्रॉल रेमंड्स ने 18 सितंबर को प्रति शेयर ₹261.07 के भाव पर ₹3.91 करोड़ में बेचे। अमेरिकी कंपनी ने इसके बाद फिर 21 सितंबर को ₹256.58 के भाव पर 1,12,884 शेयर ₹2.90 करोड़ और फिर 22 सितंबर को ₹243.51 के भाव पर 2,42,927 शेयर ₹5.92 करोड़ में बेचे। इस प्रकार लगातार तीन दिनों में क्रॉल रेमंड्स ने ₹12.73 करोड़ में मजदा में अपनी 2.52% हिस्सेदारी हल्की की। इससे पहले जून 2026 तिमाही के आखिरी में क्रॉल रेमंड्स की मजदा में 7.23% हिस्सेदारी (14,47,500 इक्विटी शेयर) थी।

कैसी है सेहत

मजदा के कारोबारी सेहत की बात करें तो इस वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत धमाकेदार रही। जून 2026 तिमाही में ऑपरेशंस से कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 61.87% उछलकर ₹80.34 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट भी 49.23% चढ़कर ₹7.33 करोड़ हो गया।

अब एक साल में मजदा के शेयरों की चाल की बात करें तो इसने निवेशकों को तगड़ा शॉक दिया है। पिछले साल 1 अक्टूबर 2025 को बीएसई पर यह एक साल के हाई लेवल ₹302.00 पर था। हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई और इस हाई लेवल से छह ही महीने में यह 47.35% टूटकर 30 मार्च 2026 को एक साल के निचले स्तर ₹159.00 पर आ गया।

IRB Infra Share Price: थमी 7 दिनों की गिरावट, एक ऐलान पर शेयर बने रॉकेट

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।