
Russia Sales Gold : बजट घाटा और रक्षा खर्च पूरा करने के लिए रूस अपना सोना लगातार बेच रहा है। सितंबर 2026 में उसने करीब 6.2 टन यानी 6200 किलो सोना बेच दिया। पिछले 10 माह में रूस ने अब तक कुल करीब 62 टन सोने की बिकवाली की। गोल्ड की बिक्री के बाद रूस का स्वर्ण भंडार (Gold Reserve) घटकर 2,264 टन (72.8 मिलियन ट्रॉय औंस) रह गया है। रूस द्वारा सोने की बिक्री संबंधी खबर से बाजार में हड़कंप मच गया। ALSO READ: चांदी में भारी गिरावट : 1 माह में चांदी 40,000 रुपए सस्ती, 10 माह में पहली बार 2 लाख से नीचे
रूस सोना क्यों बेच रहा है ?
दावा किया जा रहा है कि 2026 में रूस का बजट घाटा बढ़कर 7.3 लाख करोड़ रूबल तक पहुंचने का अनुमान है। युक्रेन युद्ध की वजह से देश के कुल सरकारी बजट का लगभग 38% हिस्सा रक्षा और सुरक्षा पर खर्च होने का अनुमान है। 2021 के मुकाबले इन मदों पर खर्च करीब चार गुना बढ़ चुका है। साल 2022 में पश्चिमी देशों ने रूस की डॉलर और यूरो वाली संपत्तियों को फ्रीज कर दिया था। इसके बाद रूस के लिए विदेशी मुद्रा में रखे कुछ रिजर्व का इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया। इस मुश्किल स्थिति में सोना रूस के लिए एक अहम संपत्ति बन गया। अब बजट घाटा बढ़ने के कारण रूस इसी रिजर्व का इस्तेमाल कर रहा है।
गौरतलब है कि चीन के बाद रूस दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोना उत्पादक देश है, जो हर साल 300 टन से ज्यादा सोना निकालता है। रूस के केंद्रीय बैंक की गवर्नर एलविरा नबीउलिना के मुताबिक, सोने के भंडार में कमी सरकारी वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी है। इसे सीधे तौर पर करेंसी संकट का संकेत नहीं माना जाना चाहिए।
भारत ने भी गोल्ड इंपोर्ट में कटौती की
कीमती धातुओं पर आयात शुल्क बढ़ाकर 15% किए जाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से खरीद टालने की अपील के बाद भारत ने भी सितंबर में अपने सोने के आयात में कटौती की है। सितंबर 2026 में भारत का सोने का आयात सालाना आधार पर 81.27% घटकर 1.8 अरब डॉलर रह गया। सितंबर 2025 में भारत को गोल्ड इंपोर्ट 9.6 अरब डॉलर था।
चीन लगातार खरीद रहा है गोल्ड
दूसरी ओर चीन पिछले 2 साल से लगातार अपने सोने के भंडार में बढ़ोतरी कर रहा है। सितंबर 2026 में चीन के केंद्रीय बैंक पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना ने करीब 23 टन गोल्ड खरीदा। इससे पहले चीन ने 2026 के पहले 8 महीनों में सोने के आयात पर रिकॉर्ड 158.8 अरब डॉलर खर्च कर 1,000 टन से ज्यादा सोना आयात किया। इसके साथ ही चीन का गोल्ड रिजर्व बढ़कर लगभग 2,410 टन हो गया।


