Tatkal Ticket Booking: दिवाली और छठ जैसे त्योहारों पर ट्रेन से घर जाने वालों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। कई लोग महीनों पहले टिकट बुक कर लेते हैं। इसके बावजूद कन्फर्म सीट नहीं मिलती। ऐसे में तत्काल टिकट एक विकल्प है।
इसके लिए रेलवे एक दिन पहले सीमित सीटें उपलब्ध कराता है। सही समय पर बुकिंग और थोड़ी तैयारी से टिकट मिलने की संभावना बेहतर हो सकती है।
तत्काल टिकट की बुकिंग कब शुरू होती है?
तत्काल टिकट की बुकिंग ट्रेन के शुरुआती स्टेशन से रवाना होने की तारीख से एक दिन पहले खुलती है। AC क्लास के टिकट सुबह 10 बजे से बुक किए जा सकते हैं। वहीं, स्लीपर और नॉन-AC क्लास की बुकिंग सुबह 11 बजे शुरू होती है।
मान लीजिए, आपकी ट्रेन 28 अक्टूबर को अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना हो रही है। ऐसे में तत्काल टिकट की बुकिंग 27 अक्टूबर को खुलेगी।
IRCTC से ऐसे बुक करें तत्काल टिकट
- सबसे पहले अपना IRCTC अकाउंट तैयार रखें। आखिरी समय में नया अकाउंट बनाने या पासवर्ड ढूंढने में समय बर्बाद हो सकता है।
- तत्काल टिकट के लिए अकाउंट का आधार वेरिफाइड होना जरूरी है। इसलिए आधार वेरिफिकेशन पहले ही पूरा कर लें।
- यात्रा की तारीख, कहां से कहां तक जाना है और किस ट्रेन से सफर करना है, यह पहले तय कर लें।
- AC टिकट के लिए सुबह 10 बजे और स्लीपर टिकट के लिए 11 बजे से पहले IRCTC में लॉगिन कर लें।
- बुकिंग शुरू होते ही अपनी ट्रेन और क्लास चुनें। इसके बाद तत्काल कोटा सेलेक्ट करके यात्रियों की जानकारी भरें।
- पेमेंट में देर न करें, इससे आपकी मेहनत पर पानी फिर सकता है। टिकट बुक होने के बाद PNR नंबर जरूर चेक कर लें।
तत्काल टिकट बुक करते समय इन बातों का रखें ध्यान
तत्काल टिकट में एक PNR पर अधिकतम चार यात्रियों की बुकिंग की जा सकती है। इसके लिए सामान्य किराये के अलावा तत्काल चार्ज भी देना पड़ता है। इसलिए पेमेंट के लिए तैयार रहें।
एक बात और ध्यान रखें। कन्फर्म तत्काल टिकट कैंसिल कराने पर आमतौर पर रिफंड नहीं मिलता। इसलिए टिकट बुक करने से पहले यात्रा की तारीख और यात्रियों की जानकारी अच्छी तरह जांच लें।
त्योहारी सीजन में तत्काल टिकट कुछ ही समय में खत्म हो सकते हैं। ऐसे में पहले से तैयारी रखें और बुकिंग खुलते ही टिकट लेने की कोशिश करें। इससे कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ सकती है।
Sukanya Samriddhi Yojana: हर महीने ₹5000 जमा करने पर कितना पैसा बनेगा?

