India Saudi Arabia Advisory: सऊदी अरब में मिसाइल-ड्रोन हमलों के बीच भारतीयों को चेतावनी, वीडियो शेयर करने पर हो सकती है कार्रवाई

सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों द्वारा जारी मिसाइल-ड्रोन हमलों को देखते हुए भारत ने वहां रहने वाले अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने लोगों से स्थानीय कानूनों का पालन करने और सुरक्षा से जुड़े नियमों का ध्यान रखने की अपील की है। इसके साथ ही भारतीय नागरिकों को चेतावनी दी गई है कि वे मिसाइलों और ड्रोन को रोकने की कार्रवाई या उनके गिरने वाली जगहों के वीडियो न बनाएं और न ही ऐसी तस्वीरें या जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर करें। दूतावास ने लोगों से किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए सावधानी बरतने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने को कहा है।

सतर्क रहने की जारी की एडवाइजरी

भारतीय दूतावास की ओर से ये एडवाइजरी रविवार को जारी की गई थी। यमन के हूती समूह से जुड़े हमलों के बाद सऊदी अरब ने अपनी हवाई सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। इसके मद्देनजर भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब के सिविल डिफेंस विभाग की ओर से जारी सूचना साझा करते हुए वहां रह रहे भारतीयों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दूतावास ने भारतीय समुदाय से अपील की है कि वे सऊदी अरब के नियमों और कानूनों का पूरी तरह पालन करें और सुरक्षा से जुड़े निर्देशों को गंभीरता से लें।

हो सकती है कार्रवाई

अल अरबिया इंग्लिश की एक पोस्ट के अनुसार, सऊदी सेना ने 12 घंटे से भी कम समय में 11 बैलिस्टिक मिसाइलों, एक क्रूज मिसाइल और दो ड्रोन को रोक लिया था। वहीं सऊदी अरब के अधिकारियों ने लोगों को चेतावनी दी है कि मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने के लिए की जा रही कार्रवाई के वीडियो या तस्वीरें बनाना और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करना भारी पड़ सकता है। इसके अलावा, हमलों के बाद प्रभावित जगहों की फोटो खींचने या उनसे जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने पर भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है। अधिकारियों ने साफ किया है कि सुरक्षा से जुड़े ऐसे मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कदम उठाए जा सकते हैं। सऊदी अरब में सुरक्षा एडवाइजरी के बीच एयर डिफेंस ने कई हवाई खतरों को नाकाम करने का दावा किया है।

हवाई सेवाएं भी रही प्रभावित

सऊदी अरब में जारी हालात के बीच भारत और सऊदी अरब के बीच हवाई सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। एयर इंडिया की उड़ानें फिलहाल निलंबित हैं।भारतीय दूतावास ने उड़ानों को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि रियाद और दम्माम के लिए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें 7 नवंबर 2026 तक बंद रहेंगी। वहीं, जेद्दा आने-जाने वाली फ्लाइट्स 31 अक्टूबर तक निलंबित रहेंगी। दूतावास ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी साझा की। इन पाबंदियों के चलते सऊदी अरब और भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले उड़ानों की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी जाती है।