भारतीय रेलवे के इलेक्ट्रिक इंजनों को अब HIRECT की बनी मोटर ताकत देंगी। कंपनी को चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स यानी CLW से करीब 136.26 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। इसके तहत कंपनी WAG-9 इलेक्ट्रिक इंजनों के लिए 900 थ्री-फेज एसिंक्रोनस ट्रैक्शन मोटर की सप्लाई करेगी। CLW ने इसके लिए कंपनी को लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस यानी LOA जारी किया है।
WAG-9 इंजनों में लगेंगी 900 मोटर
ट्रैक्शन मोटर किसी इलेक्ट्रिक इंजन का वो हिस्सा होती है, जो बिजली को ताकत में बदलकर इंजन के पहियों को घुमाती है। HIRECT को ऐसी 900 मोटर बनाकर देनी हैं, जो भारतीय रेलवे के WAG-9 इलेक्ट्रिक इंजनों में लगेंगी।
कंपनी को ये सारी मोटर एक बार में नहीं सौंपनी हैं। सप्लाई अलग-अलग चरणों में होगी, जो जनवरी 2027 से शुरू होकर दिसंबर 2027 तक चलेगी। यानी अगले साल के 12 महीनों में कंपनी को 900 मोटर की डिलीवरी पूरी करनी है।
78 महीने की वारंटी भी शामिल
इस ऑर्डर के साथ कंपनी को 78 महीने यानी साढ़े 6 साल की वारंटी भी देनी होगी। यह वारंटी मोटर की डिलीवरी की तारीख से गिनी जाएगी। यानी डिलीवरी के बाद लंबे समय तक इन मोटर्स की जिम्मेदारी कंपनी पर रहेगी।
मैनजमेंट ने क्या कहा?
कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर सुरम्य नेवतिया ने कहा, “चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स से यह लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस मिलने पर हमें खुशी है। यह हमारे रेलवे कारोबार को मजबूत करने के सफर में एक और अहम पड़ाव है। यह ऑर्डर हमारी इंजीनियरिंग क्षमताओं पर जताए गए भरोसे को दिखाता है। साथ ही यह भारत की बढ़ती लोकोमोटिव जरूरतों के लिए अहम रेलवे कंपोनेंट्स देने की हमारी क्षमता पर भरोसे को भी दिखाता है।
ट्रैक्शन मोटर रेलवे टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम का एक अहम हिस्सा हैं और इससे इस सेगमेंट में हमारी स्थिति और मजबूत होती है। हम अपनी मैन्युफैक्चरिंग और इंजीनियरिंग क्षमताओं को बढ़ाने और भरोसेमंद, टेक्नोलॉजी पर आधारित सॉल्यूशंस के जरिये भारतीय रेलवे के मॉडर्नाइजेशन में योगदान देने के लिए कमिटेड हैं।” कंपनी के मुताबिक, यह ऑर्डर रेलवे ट्रैक्शन सेगमेंट में उसकी मौजूदगी को और मजबूत करता है।
1958 से चल रहा है कंपनी का सफर
HIRECT का पुराना नाम Hind Rectifiers Limited था। कंपनी की शुरुआत 1958 में UK की Westinghouse, Brake & Signal के साथ साझेदारी में हुई थी। कंपनी पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, मोटर, ट्रांसफॉर्मर और रेलवे टेक्नोलॉजी के कारोबार में है। यह पावर कन्वर्टर, कंट्रोल इलेक्ट्रॉनिक्स, ट्रांसफॉर्मर, रेक्टिफायर, इन्वर्टर, मोटर और HVAC सिस्टम जैसे प्रोडक्ट्स बनाती है।
इनका इस्तेमाल रेलवे और डिफेंस के साथ पावर, हाइड्रोजन, स्टील, सीमेंट, केमिकल और पेपर जैसी इंडस्ट्री में होता है। कंपनी का कारोबार सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। यह 30 से ज्यादा देशों में अपने प्रोडक्ट्स एक्सपोर्ट करती है और भारत के अलावा स्वीडन और UAE में भी इसके ऑफिस हैं।
ऑर्डर के बाद शेयर में हल्की तेजी
ऑर्डर की खबर के बाद HIRECT के शेयर में हल्की खरीदारी दिखी। शेयर 1.47 फीसदी चढ़कर 868.35 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक साल में शेयर ने बड़ा उतार-चढ़ाव देखा है। 27 जनवरी 2026 को यह 565.20 रुपये के 52 हफ्ते के निचले स्तर पर था, जबकि 16 जुलाई 2026 को इसने 1399 रुपये का 52 हफ्ते का हाई बनाया। शेयर अभी इन दोनों स्तरों के बीच कारोबार कर रहा है।
लॉन्ग टर्म में देखें तो शेयर का सफर और भी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। 12 मार्च 2009 को शेयर 25.60 रुपये के अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर था। वहीं 20 अगस्त 2025 को इसने 2108.50 रुपये का ऑल टाइम हाई छुआ था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

