KAYNES TECH में आज फिर 3% की गिरावट है। दो दिन में शेयर 15% से से ज्यादा गिरा है। कंपनी पर जेफरीज की रिपोर्ट भी आई है। इस ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि केन्स टेक्नोलॉजी इंडिया (Kaynes Technology India) को वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के निराशाजनक नतीजों के बाद सुस्त अर्निंग ग्रोथ और वैल्यूएशन से जुड़ी चिंताओं का सामना करना पड़ रहा है। ब्रोकरेज फर्म ने इस इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विस कंपनी के लिए अपने अर्निंग अनुमान और प्राइस टारगेट को काफी कम कर दिया है। हालांकि, कंपनी पर अपनी ‘बाय’ (Buy) रेटिंग को बरकरार रखा है, जिसकी वजह रिसीवेबल्स (प्राप्त होने वाली रकम) में संभावित सुधार और अहम विस्तार योजनाओं में हो रही प्रगति है।
जेफरीज ने केन्स टेक्नोलॉजी के लिए अपना टारगेट प्राइस घटाकर 3,625 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। सोमवार के 2,980 रुपये के क्लोजिंग प्राइस के हिसाब से देखें तो इसमें लगभग 22 प्रतिशत की बढ़त की गुंजाइश है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा है कि कंपनी का वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) का प्रदर्शन उम्मीदों से काफी कमजोर रहा है जिसके चलते वित्त वर्ष 2027-29 के लिए कंपनी की अर्निंग अनुमान को घटाना पड़ रहा है।
जेफरीज की यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है जब सोमवार को इंट्राडे में केन्स टेक्नोलॉजी के शेयरों में 20 प्रतिशत तक की भारी गिरावट देखी गई। शेयर में कई बार ‘लोअर सर्किट’ लगे, जिसके बाद इसमें कुछ सुधार हुआ और अंत में यह 13.1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,980 रुपये पर बंद हुआ। साल 2026 में अब तक इस शेयर में 24.4 प्रतिशत की गिरावट आई है। जबकि इसी दौरान बेंचमार्क निफ्टी 50 में 3.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।
जेफरीज ने अर्निंग अनुमान और वैल्यूएशन मल्टीपल में की कटौती
जेफरीज ने FY26-29 के लिए प्रति शेयर अनुमानित आय (EPS) की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) को पहले के 40 प्रतिशत से घटाकर 31 प्रतिशत कर दिया है, जो मुनाफे में धीमी बढ़त की उम्मीदों का संकेत है। ब्रोकरेज फर्म ने अपने टारगेट प्राइस-टू-अर्निंग (P/E) मल्टीपल को भी 10 प्रतिशत घटाकर 32 गुना कर दिया है,जो कि स्टॉक के ऐतिहासिक औसत का लगभग आधा है।
जेफरीज के मुताबिक इस साल अपनी वैल्यू का लगभग एक चौथाई हिस्सा खोने के बावजूद, केन्स टेक्नोलॉजी अभी भी अपनी फॉरवर्ड अर्निंग्स के लगभग 40 गुना पर ट्रेड कर रहा है, हालांकि,यह इसके ऐतिहासिक औसत की तुलना में 40 प्रतिशत का डिस्काउंट है।
जेफरीज ने स्मार्ट मीटरिंग बिजनेस में कंपनी के जोखिम को कम करने के प्रयासों पर प्रकाश डाला है। इससे प्राप्तियों (receivables) में सुधार हो सकता है और कार्यशील पूंजी (working capital) के दबाव को कम करने में मदद मिल सकती है। ऑडिटर के बदलाव से कॉरपोरेट गवर्नेंस और मजबूत होने की उम्मीद है। कंपनी की स्मार्ट मीटर कारोबार पर निर्भरता घट रही है। SAT और PCB प्रोजेक्ट तय समयसीमा के मुताबिक आगे बढ़ रहे हैं।
केन्स टेक्नोलॉजी इंडिया पर प्रभुदास लीलाधर की राय
प्रभुदास लीलाधर,केन्स टेक्नोलॉजी इंडिया को लेकर पॉजिटिव है। 17 नवंबर, 2026 की अपनी रिसर्च रिपोर्ट में उन्होंने इस स्टॉक पर बाय की रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस 1325 रुपये तय किया है।
केन्स टेक्नोलॉजी इंडिया पर मोतीलाल ओसवाल की राय
मोतीलाल ओसवाल ने 16 नवंबर, 2026 की अपनी रिसर्च रिपोर्ट में केन्स टेक्नोलॉजीज (Kaynes Technologies) को लेकर बुलिश जरिया अपनाते हुए, इसके शेयर पर buy रेटिंग दी है और 3820 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

