
Cyclone Arnab Alert: चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित असर को देखते मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा समेत 11 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। ओडिशा के 6 जिलों में स्कूल बंद, संवेदनशील इलाकों से लोगों को निकाला जा रहा है। आंध्र प्रदेश सरकार ने राहत कार्यों के लिए 20 जिलों को 27 करोड़ रुपये जारी किए हैं। ALSO READ: Top News 27 October: चक्रवात अर्नब से 11 राज्यों में हाई अलर्ट, MLC चुनाव के नतीजे आज
11 राज्यों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 27 और 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश, 28 अक्टूबर को दक्षिणी और तटीय ओडिशा के कई जिलों में मूसलाधार और अत्यंत भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भी 28 अक्टूबर को भारी से बेहद भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 28 से 30 अक्टूबर के दौरान झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। सिक्किम और विदर्भ क्षेत्र में भी 28 से 30 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना जताई गई है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी
मछुआरों को 26-29 अक्टूबर तक दक्षिण-पश्चिम और मध्य बंगाल की खाड़ी में या आंध्र प्रदेश, ओडिशा और यानम (पुडुचेरी) के तटों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही पहाड़ियों, झरनों और बांधों में पर्यटकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। समुद्र तटों पर आम लोगों की आवाजाही रोकने का फैसला लिया गया है। मंगलवार दोपहर से तटीय सड़कों पर आवाजाही भी रोकने की योजना है।
ओडिशा के 6 जिलों में स्कूल बंद
ओडिशा सरकार ने चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए गंजाम, गजपति, रायगड़ा, मलकानगिरी, कोरापुट और नबरंगपुर जिलों में विशेष सतर्कता बरती है। इन जिलों में 28 और 29 अक्टूबर को स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के यानम तट के बीच बापटला और विशाखापत्तनम के आसपास बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में दस्तक दे सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने और झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि चक्रवात का केंद्र भले ही आंध्र प्रदेश और यानम के आसपास हो, लेकिन ओडिशा में भी इसका व्यापक असर पड़ सकता है। राज्य में भारी बारिश और 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य जानमाल के नुकसान को शून्य रखना है। निचले और संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। पहले चरण में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों और बच्चों को चक्रवात आश्रय स्थलों में भेजा जा रहा है। अग्निशमन विभाग और पुलिस को भी तैयार रखा गया है।
रेलवे ने रद्द की 8 ट्रेनें
रेलवे ने खराब मौसम के मद्देनजर दक्षिण तटीय रेलवे की आठ ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जबकि दो ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही समाप्त करने का फैसला लिया गया है। ALSO READ: चक्रवात ‘अर्णब’ का खतरा बढ़ा! 115-125 किमी की रफ्तार से टकराएगा तूफान
NDRF, सेना और तटरक्षक बल की बचाव टीमें तैयार
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) ने आंध्र और ओडिशा में अपनी टीमें तैनात की हैं। सेना, नौसेना, वायु सेना और भारतीय तटरक्षक बल की बचाव टीमें भी तैयार हैं। भारतीय तटरक्षक बल ने कई जहाजों को घाटों पर पहुंचाया है। अन्य जहाजों को तट पर लौटने के लिए सतर्क किया गया है। सरकार ने संवेदनशील इलाकों में एनडीआरएफ की 15 टीमें तैनात की हैं। राज्य में एनडीआरएफ की छह और ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF) की 24 टीमें तैनात की गई हैं। प्रशासन ने पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 2,613 आपातकालीन पानी के टैंकर तैयार रखे हैं। इसके अलावा, बचाव कार्यों के लिए नावें, लाइफ जैकेट, लाइफ ब्वॉय और पेड़ काटने वाली टीमें भी तैनात की गई हैं।
यूपी में 31 अक्टूबर तक बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में चक्रवात के संभावित प्रभाव से पूर्वांचल, अवध और तराई के कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है। राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों को मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार सतर्क रहने की सलाह दी है। 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
29 अक्टूबर को चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के साथ बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है।


