अखिलेश के राम मंदिर जाने पर संतों का विरोध, 7 कड़ी शर्तें रखकर बोले- घुसने नहीं देंगे, पहले कारसेवकों के परिजनों से मांगो माफी

अखिलेश के राम मंदिर जाने पर संतों का विरोध, 7 कड़ी शर्तें रखकर बोले- घुसने नहीं देंगे, पहले कारसेवकों के परिजनों से मांगो माफी

Akhilesh Ayodhya visit

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगामी 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे से पहले सियासत गरमा गई है। अयोध्या की प्रसिद्ध मणिराम दास छावनी में करीब 400 साधु-संतों की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से 7 कड़े प्रस्ताव पारित किए गए। संतों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जब तक अखिलेश यादव 1990 के कारसेवा गोलीकांड पर सार्वजनिक माफी नहीं मांगेंगे, तब तक उन्हें अयोध्या की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

​क्या हैं संतों की मुख्य शर्तें? 

  • ​सरयू स्नान और प्रायश्चित : संतों का कहना है कि अखिलेश यादव को अयोध्या की पांच कोस की शास्त्रीय सीमा में प्रवेश करने से पहले सरयू नदी में स्नान कर अपने अतीत के कृत्यों का प्रायश्चित करना होगा। 
  • ​कारसेवकों के परिजनों से माफी : 1990 के राम मंदिर आंदोलन के दौरान निहत्थे कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का मुद्दा उठाते हुए संतों ने मांग की कि अखिलेश अपने पिता (मुलायम सिंह यादव) के शासनकाल में हुए इस नरसंहार के लिए शहीद कारसेवकों के परिवारों और संत समाज से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगें। 
  • ​शहीद गली का नमन : संतों ने शर्त रखी कि अयोध्या आने पर उन्हें उन गलियों में भी जाना चाहिए जहां कारसेवकों के प्राण गए थे और वहां जाकर ​साष्टांग प्रणाम करना चाहिए। 
  • राजनीतिक स्वार्थ का आरोप : संतों ने आरोप लगाया कि प्राण-प्रतिष्ठा के समय आमंत्रण मिलने के बावजूद वे नहीं आए थे। अब चुनाव नजदीक देखकर वे राजनीतिक स्वार्थ और वोटों की खातिर अयोध्या आ रहे हैं।

क्या कहा संत-महंतों ने? 

महंत राजकुमार दास ने कहा कि अगर अखिलेश यादव शहीद कारसेवकों के परिवारों से माफी मांगकर आएंगे, तो मैं अयोध्या जनपद की सीमा पर उनका स्वागत करूंगा। लेकिन बिना क्षमा मांगे उन्हें इस पवित्र धरती पर नहीं आने दिया जाएगा। इसके लिए चाहे हमारी जान ही क्यों न चली जाए।

 

महंत अवधेश दास कहा कि मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री रहते हुए निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं, जिसे उन्होंने खुद स्वीकार भी किया था। अयोध्यावासियों के दिल में वह टीस आज भी है। सनातन को गाली देने वालों को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। महंत कमल नयन दास ने कहा कि ये वही अखिलेश हैं, जिनके कार्यकाल मे परिक्रमा पर रोक लगा दी गई थी। ये क्या रामलला से माफी मांगेंगे या उनका दर्शन करेंगे ये। ये राष्ट्रद्रोही हैं, चुनाव है अपना स्वार्थ सिद्ध करने आ रहे हैं। 

 

महंत शशिकांत ने कहा कि अखिलेश यादव को सबसे पहले अयोध्या आकर सरयू में अपने पाप धोने चाहिए, कारसेवकों के परिवारों से माफी मांगनी चाहिए और संतों से क्षमा याचना के बाद ही रामलला के दर्शन करने चाहिए। महंत दिनेशाचार्य ने कहा कि अखिलेश यादव के पिता ने बेकसूर हजारों कारसेवकों पर गोलियां चलवाईं। सबसे पहले उन शहीदों के परिवारों से क्षमा मांगें। फिर रामलला का दर्शन करें।

 

महंत रामदास ने कहा कि अखिलेश यादव ने शिलान्यास से लेकर राम मंदिर के निर्माण तक राम मंदिर का विरोध किया है। वे किस मुंह से अयोध्या आ रहे हैं। दरअसल, चुनावी समय है अपना स्वार्थ सिद्ध करने आ रहे हैं। सबसे पहले अपने पिता के कृत्यों के लिए शहीद परिवारों से माफी मांगें। 

स्वामी परमहंस के बदले सुर

स्वामी परमहंस ने कहा कि अयोध्या में अखिलेश का धार्मिक नहीं राजनितिक विरोध है। उन्होंने पूरा अखिलेश का कार्यक्रम बताते हुए कहा कि वे अयोध्या सरयू स्नान, नागेशवरनाथ मंदिर हनुमानगढ़ी व राम जन्मभूमि मंदिर जाएंगे, जिसे सुनकर बड़ा अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जो लोग विरोध कर रहे हैं, उनके अपने विचार हैं। विरोध करने वालों से परमहंस ने कहा कि मुलायम सिंह जहां पहुंच गए हैं, वहां जाकर उनसे माफी मांगने के लिए कहें। श्रीराम की शरण में यदि कोई आ रहा है तो उसे माफी मांगने की कोई जरूरत नहीं है। भगवान की शरण में जाना ही सारे अपराधों का प्राश्चित है।

​क्या कहा समाजवादी पार्टी ने?

​दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि अखिलेश यादव सपरिवार पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ भगवान रामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या आ रहे हैं और यह उनका व्यक्तिगत व धार्मिक अधिकार है। ​अब देखना यह होगा कि संतों के इस कड़े विरोध और 7 शर्तों के बीच 12 दिसंबर का यह दौरा राजनीतिक और सामाजिक रूप से क्या नया मोड़ लेता है।