IMD Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव तेजी से मजबूत हो रहा है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान आने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार शाम तक ये चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। वहीं 17 नवंबर तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की भी आशंका है। वहीं तूफान के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 65 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हवा की स्पीड 145 तक भी पहुंच सकती है। आपको बता दें पिछले 3 हफ्तों में बंगाल की खाड़ी में बनने वाला ये तीसरा तूफान हो सकता है। इस तूफान को ‘अकवान’ का नाम दिया गया है। आइए जानते हैं ये साइक्लोन कब तक आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकते हैं।
आंध्र प्रदेश के तट से कब टकराएगा
आईएमडी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और आसपास के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में बना गहरा दबाव पिछले छह घंटों के दौरान 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा है। मंगलवार सुबह 5:30 बजे यह इसी क्षेत्र में बना हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार, यह तूफान 19 नवंबर की रात तक और ज्यादा ताकतवर होकर बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके 20 नवंबर की दोपहर तक आंध्र प्रदेश और यनम के तट से नेल्लोर और टूनी के बीच टकराने की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश का खतरा बना हुआ है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और ओडिशा के तटीय इलाकों में 17 से 20 नवंबर तक हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 19 से 21 नवंबर के बीच छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा दक्षिण और उत्तरी छत्तीसगढ़ के साथ झारखंड में भी 20 और 21 नवंबर को बारिश होने का अनुमान है।
हो सकता है तीसरा तूफान
आंध्र प्रदेश में तीन हफ्ते से भी कम समय के अंदर यह तीसरा चक्रवाती तूफान (साइक्लोन) हो सकता है। इससे पहले आए अर्नब और मुरासु तूफानों ने राज्य में भारी तबाही मचाई थी। इनकी वजह से लाखों एकड़ में लगी फसल बर्बाद हो गई थी और करीब 7,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया था। ऐसे में नए तूफान की आशंका ने एक बार फिर लोगों और किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

