75 बेसिस पॉइंट रेपो रेट बढ़ा सकता है RBI, निफ्टी के लिए 28500 का टारगेट : गोल्डमैन सैक्स

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) आने वाले महीनों में ब्याज दरें बढ़ा सकता है। Goldman Sachs Research की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर से लेकर 2027 की दूसरी तिमाही तक रेपो रेट में कुल 75 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी हो सकती है। इसकी बड़ी वजह खाने-पीने की चीजों की बढ़ती कीमतें और महंगाई का दूसरे क्षेत्रों में भी फैलना है।

गोल्डमैन सैक्स का अनुमान है कि RBI दिसंबर में रेपो रेट 25 बेसिस पॉइंट बढ़ा सकता है। इसके बाद 2027 की पहली छमाही में 50 बेसिस पॉइंट की और बढ़ोतरी हो सकती है। इस तरह जून 2027 तक रेपो रेट 6.25% पर पहुंच सकता है।

महंगाई बढ़ने से RBI की चिंता

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में महंगाई अभी भी RBI के तय दायरे से ऊपर बनी हुई है। अक्टूबर में खुदरा महंगाई 6.1% पर पहुंच गई थी। Goldman Sachs के चीफ इंडिया इकोनॉमिस्ट शांतनु सेनगुप्ता का अनुमान है कि अगले दो तिमाहियों तक महंगाई करीब 6% रह सकती है। इसके बाद इसमें धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है।

गोल्डमैन सैक्स का अनुमान है कि 2027 में भारत की औसत खुदरा महंगाई 5.7% रह सकती है। खाने-पीने की चीजों की महंगाई, अल नीनो के कारण मौसम में बदलाव और उत्पादन लागत बढ़ने से कीमतों पर दबाव बना रह सकता है।

2027 में GDP ग्रोथ घटने का अनुमान

ब्याज दरें बढ़ने का असर आर्थिक विकास पर भी पड़ सकता है। गोल्डमैन सैक्स ने अनुमान जताया है कि भारत की GDP ग्रोथ 2026 में 7.9% रह सकती है। वहीं, 2027 में यह घटकर 7.2% पर आ सकती है।

हालांकि, घरेलू मांग, निजी खपत और ऊर्जा, मेटल व मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में निवेश से अर्थव्यवस्था को सहारा मिलता रहेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 में निवेश की ग्रोथ करीब 8.5% रह सकती है।

निफ्टी के लिए 28,500 का टारगेट

गोल्डमैन सैक्स ने भारतीय शेयर बाजार पर अपना रुख भी सकारात्मक किया है। ब्रोकरेज ने भारत को ‘ओवरवेट’ रेटिंग दी है और दिसंबर 2027 तक निफ्टी के लिए 28,500 का टारगेट रखा है। इसके पीछे कंपनियों की कमाई में अच्छी ग्रोथ और घरेलू मांग को वजह बताया गया है।

रिपोर्ट में रुपये को लेकर भी अनुमान दिया गया है। इसके मुताबिक, अगले 3, 6 और 12 महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपया क्रमशः 94, 95 और 96 के स्तर पर रह सकता है।

Silver Price Crash: चांदी में रिकॉर्ड गिरावट, शिखर से ₹2.20 लाख टूटा भाव; ये 5 कारण जिम्मेदार

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।