MP Police Viral Video: एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आने के बाद मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक होटल में मिले बालिग प्रेमी जोड़े को पुलिस अधिकारी की तरफ से कथित तौर पर झूठे गांजा केस में फंसाने की धमकी देने का मामला सनसनीखेज सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कथित तौर पर अपने सहयोगियों से युवक के बैग में गांजा रखने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। मामले में होटल मालिक ने पुलिसकर्मियों पर हर महीने 25 हजार रुपये की वसूली मांगने का आरोप भी लगाया है।
‘इंडिया टुडे’ के मुताबिक 13 नवंबर 2026 को हुई इस घटना के फुटेज में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, SDOP चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी कपल से पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं। कपल ने पुलिस को बताया कि दोनों बालिग हैं। साथ ही वह एक ही जाति से संबंध रखते हैं और वे शादी करना चाहते हैं। इसके बावजूद पुलिस अधिकारी उनसे माता-पिता को बुलाने के लिए कहते रहे।
महिला के फोन अनलॉक कर परिवार से बात करने से इनकार करने पर एडिशनल एसपी कथित तौर पर होटल स्टाफ से युवक के बैग में गांजा रखकर उसे फंसाने की बात कहते सुनाई देते हैं। बताया जा रहा है कि TI को लाइन हाजिर कर दिया गया है। लेकिन खबर लिखे जाने तक बाकी 2 पुलिस ऑफिसरों पर कोई एक्शन नहीं हुआ है।
होटल में प्रेमी जोड़े से पुलिस की पूछताछ
NDTV के मुताबिक, यह मामला मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के एक होटल का है। वायरल वीडियो कथित तौर पर 13 नवंबर को रिकॉर्ड किया गया था। इसमें एडिशनल पुलिस अधीक्षक (ASP) दीपक मिश्रा एक होटल में मौजूद युवक और युवती से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस की कार्रवाई के दौरान महिला ने अधिकारियों को बताया कि वह और युवक दोनों बालिग हैं। दोनों एक ही जाति से ताल्लुक रखते हैं और वे शादी करना चाहते हैं। इसके बावजूद पुलिस अधिकारी उनसे अपने माता-पिता से संपर्क करने और उन्हें इस बारे में जानकारी देने पर जोर देते दिखाई देते हैं।
मोबाइल अनलॉक करने से इनकार किया तो दी गांजा रखने की धमकी!
वीडियो में कथित तौर पर महिला पुलिसकर्मियों के सामने अपना मोबाइल फोन अनलॉक करने और परिवार को फोन करने से इनकार करती सुनाई देती है। इसी दौरान ASP दीपक मिश्रा अपने साथ मौजूद पुलिसकर्मियों को युवक के बैग में गांजा रखने का निर्देश देते हुए सुनाई देते हैं।
वायरल फुटेज में अधिकारी की आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह कथित तौर पर कहते हैं, “लड़के के पास थोड़ा गांजा रख दो।” इस कथित बयान के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यप्रणाली और अधिकारों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वीडियो में अधिकारी कपल को इस बात पर भी फटकार लगाते नजर आते हैं कि उन्होंने अपने माता-पिता को बताए बिना एक साथ समय बिताने का फैसला क्यों किया।
होटल मालिक का आरोप- हर महीने मांगे जा रहे थे 25 हजार रुपये
इस मामले में होटल मालिक ने पुलिसकर्मियों पर वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। जिस सिद्धार्थ होटल में यह घटना कथित तौर पर हुई, उसके मालिक संजू सनोडिया का दावा है कि स्थानीय पुलिसकर्मी उनसे हर महीने 25 हजार रुपये देने की मांग कर रहे थे। होटल मालिक ने आरोप लगाया कि कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी, सब डिविजनल ऑफिसर चंचलेश मरकाम और ट्रैफिक इंस्पेक्टर विजय बघेल ने उनसे हर महीने 25 हजार रुपये की रकम मांगी थी। उनका कहना है कि जब उन्होंने कथित तौर पर इस मांग को मानने से इनकार कर दिया, तो पुलिस ने होटल में छापेमारी की।सनोडिया ने यह भी दावा किया कि पुलिसकर्मियों की कथित गतिविधियों को उजागर करने के लिए उन्होंने ही इस वीडियो को सोशल मीडिया पर जारी किया था।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका और आम नागरिकों के अधिकारों को लेकर बहस शुरू हो गई है। खासकर इस बात पर सवाल उठाए जा रहे हैं कि क्या किसी बालिग जोड़े को अपनी मर्जी से साथ समय बिताने के लिए इस तरह दबाव में रखा जा सकता है। मामले में सबसे गंभीर आरोप झूठे मादक पदार्थों के केस में फंसाने की कथित धमकी से जुड़ा है। यदि वीडियो में सुनाई दे रही बातों की पुष्टि होती है, तो यह पुलिस की जवाबदेही और कानून के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर सकता है।
टीआई सतीश तिवारी को लाइन हाजिर
मामले में कार्रवाई करते हुए सिवनी के पुलिस अधीक्षक (SP) ने टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं, एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा और SDOP चंचलेश मरकाम की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू की है।
मध्य प्रदेश –
सिवनी जिला पुलिस एक होटल में पहुंची। वहां एक कपल मिला। लड़की ने कहा कि हम दोनों बालिग हैं, एक ही जाति से हैं। शादी करना चाहते हैं।
पुलिस ने लड़की पर मोबाइल का लॉक खोलकर फैमिली को फोन मिलाने के लिए कहा।
लॉक नहीं खोला तो एडिशनल SP दीपक मिश्रा ने कहा– ”इस लड़के के पास गांजा रख दो”
— Sachin Gupta (@Sachingupta) November 17, 2026

