सरेंडर नहीं करूंगा, अल्‍लाह के पास जाऊंगा, सुरक्षाबलों ने लतीफ भट्ट को भेज दिया दोजख

सरेंडर नहीं करूंगा, अल्‍लाह के पास जाऊंगा, सुरक्षाबलों ने लतीफ भट्ट को भेज दिया दोजख

Latif Bhat

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का एक कुख्यात कमांडर मारा गया। उसने वीडियो कॉल पर सुरक्षा बलों की सरेंडर की अपील ठुकरा दी थी। अगर लतीफ भट्ट सुरक्षाबल की अपील मान लेता तो जिंदा होता, लेकिन उसने अल्‍लाह के पास जाने की इच्‍छा जाहिर की, और भारतीय सेना ने उसे दोजख में भेज दिया।

मुठभेड़ से पहले जवानों ने उसे वीडियो कॉल कर सरेंडर करने के लिए कहा। पुलिस अधिकारी ने उससे कहा, ‘हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है।‘ लतीफ ने जवाब दिया, ‘मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। बहुत खुश हूं मैं। सरेंडर नहीं करूंगा।‘

सरेंडर करने के बजाय फायरिंग की : बता दें कि मारा गया आतंकी लतीफ भट हाल ही में सीआरपीएफ पोस्ट पर हुए हमले समेत कई आतंकी वारदातों में शामिल था। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया था, लेकिन उसने सरेंडर करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे ढेर कर दिया गया। सुरक्षाबलों की इस कामयाबी पर देश के गृह मंत्री अमित शाह का बयान सामने आया है। अमित शाह ने सुरक्षाबलों की जमकर तारीफ की है।

अमित शाह ने क्या कहा: गृह मंत्री अमित शाह ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, “JKP, भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के आपसी तालमेल से चलाए गए एक ऑपरेशन में, आज तड़के कुलगाम में लश्कर के घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी, लतीफ भट को मार गिराया गया। उससे एक दिन पहले, कुलगाम में ही उसके एक साथी आतंकवादी, उमर निसार को भी मार गिराया गया था। इस पूरे ऑपरेशन में बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।”

आतंकी की मौत पर क्‍या कहा अधिकारियों ने : अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को कुलगाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ हुई एक मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष आतंकवादी लतीफ भट मारा गया। भट, एक अन्य आतंकवादी उमर निसार डार के साथ मिलकर, 11 नवंबर को कुलगाम में CRPF जवानों पर हुए उस हमले में शामिल था, जिसमें अर्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हो गए थे। यह मुठभेड़ बुधवार तड़के शुरू हुई। यह गोलीबारी सोमवार को दक्षिण कश्मीर जिले के लारू बाईपास इलाके में हुई एक मुठभेड़ में निसार डार के मारे जाने के दो दिन बाद हुई है। सोमवार की उस मुठभेड़ वाली जगह से भट भाग निकलने में कामयाब रहा था।

15 लाख का इनामी था लश्कर कमांडर लतीफ भट : 22 साल के लतीफ पर पुलिस ने 15 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। वह 2025 की शुरुआत में घर से लापता हो गया था। इसके बाद उसके परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में पाकिस्तान में बैठे ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी नेटवर्क TRF में भर्ती किया था। लतीफ ने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुछ समय कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में पढ़ाई की और फिर बढ़ई का काम करने लगा। उमर ने लतीफ को छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी की थी।