बहरीन हमले पर अमेरिका का पलटवार! ईरान के केशम द्वीप पर एयरस्ट्राइक; होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ा तनाव

बहरीन हमले पर अमेरिका का पलटवार! ईरान के केशम द्वीप पर एयरस्ट्राइक; होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ा तनाव

Iran-US War New Round

बहरीन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर ईरान के हमले के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की है। अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित ईरान के केशम द्वीप पर IRGC के मिसाइल लॉन्च ठिकाने पर सटीक हमले किए। हालांकि, ईरानी मीडिया ने एक अधिकारी के हवाले से दावा किया कि अमेरिकी हमले में किसी बुनियादी ढांचे को नुकसान नहीं पहुंचा है।

 

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि आज तड़के उसके ड्रोनों ने बहरीन के एक बेस पर अमेरिकी सैन्य रडार सिस्टम को निशाना बनाया। यह असत्य है।

 

इस पोस्ट में कहा गया है कि बहरीन की ओर आज IRGC द्वारा लॉन्च किए गए कई ईरानी वन-वे अटैक ड्रोनों को बीच में ही रोककर नष्ट (इंटरसेप्ट) कर दिया गया। अमेरिकी उपकरणों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और न ही किसी अमेरिकी कर्मी को चोट आई है। CENTCOM और सहयोगी बल पूरी तरह से सतर्क हैं।

गौरतलब है कि बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े का मुख्यालय है। बहरीन में अमेरिकी बेस पर ईरानी हमले और अमेरिका के जवाबी हमले से अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध का खतरा और बढ़ गया है। इससे होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव भी बढ़ गया है।