रामायण और महाभारत पर ममदानी की ये बातें जबर्दस्त चर्चा में, हिंदुओं को लेकर क्या बोले न्यूयॉर्क के मेयर?

अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने दिवाली समारोह के दौरान हिंदू धर्म के दो प्रमुख महाकाव्यों रामायण और महाभारत का जिक्र करते हुए उनसे मिलने वाली सीख पर अपनी बात रखी। उन्होंने इन ग्रंथों को मानवीय रिश्तों, पारिवारिक जिम्मेदारियों और व्यक्तिगत निष्ठा से ऊपर कर्तव्य को रखने की सीख से जोड़ा। इस दौरान ममदानी ने अमेरिका में हिंदू और सिख समुदायों के खिलाफ बढ़ती नफरत और धार्मिक आधार पर होने वाले भेदभाव पर भी चिंता जताई।

मंगलवार को लोकल टाइम के मुताबिक अपने कार्यालय की ओर से आयोजित दिवाली समारोह में बोलते हुए ममदानी ने कहा कि रामायण हमें बताती है कि हमें कैसा भाई, पत्नी, पति और दोस्त बनने की आकांक्षा रखनी चाहिए। वहीं महाभारत परिवारों की असल जटिलताओं को हमारे सामने रखती है। ऐसी जटिलताएं जहां बड़े से बड़े नायक और बुद्धिमान देवता भी गलतियां कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि महाभारत की एक जरूरी सीख यह है कि व्यक्ति का धर्म और कर्तव्य उसकी व्यक्तिगत निष्ठा से ऊपर होना चाहिए.

न्यूयॉर्क के पहले भारतीय-अमेरिकी मेयर के तौर पर दिवाली मनाना बताया खास

ममदानी ने दिवाली के साथ अपने पर्सनल जुड़ाव का भी जिक्र किया। ममदानी ने समारोह में अपने बचपन और दिवाली से जुड़े अनुभवों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि वह बड़े होते हुए अपने परिवार के साथ दिवाली मनाते थे। अब न्यूयॉर्क के मेयर के रूप में पूरे शहर के साथ इस त्योहार को मनाना उनके लिए विशेष अनुभव है।

उन्होंने कहा, ‘आप सभी की मेजबानी करना और हमारे शहर के इतिहास में पहले भारतीय-अमेरिकी मेयर के रूप में यहां मौजूद होना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और सौभाग्य है। बचपन में अपने परिवार के साथ दिवाली मनाने वाले व्यक्ति के लिए अब मेयर के रूप में पूरे शहर के साथ इस त्योहार को मनाना एक ऐसा उपहार है, जिसके लिए मैं कभी धन्यवाद कहना बंद नहीं करूंगा।’

हिंदू मंदिर को निशाना बनाए जाने और सिख समुदाय के खिलाफ बयानों पर जताई चिंता

दिवाली के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व पर बात करने के साथ ममदानी ने अमेरिका में धार्मिक अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ सामने आ रही शत्रुता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने विशेष रूप से हिंदू और सिख समुदायों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं पर चिंता जताई। ममदानी ने कहा कि पिछले एक साल में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी संघीय सरकार के सर्वोच्च स्तर पर मौजूद नेताओं ने सिख समुदाय को निशाना बनाया है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस नफरत को पहले समाज के हाशिये तक सीमित माना जाता था, वह अब राज्यस्तरीय चुनाव अभियानों के केंद्र तक पहुंच गई है।

ममदानी ने कहा, ‘इस बीते साल में हमने देखा है कि हमारे एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया। हमने संघीय सरकार के सर्वोच्च स्तर पर मौजूद नेताओं को सिखों को निशाना बनाते देखा है। और हमने देखा है कि जिस नफरत को कभी समाज के हाशिये तक सीमित माना जाता था, वह अब राज्यस्तरीय पदों के चुनाव अभियानों के केंद्र में आ गई है।’

ममदानी ने ऐसी राजनीति को अंधकार की राजनीति बताते हुए इसे खत्म करने की अपील की। उन्होंने जोर दिया कि हिंदू-अमेरिकी समुदाय के लोगों को बिना किसी डर के अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।

दुर्गा पूजा के कार्यक्रम में भी धार्मिक हिंसा का मुद्दा उठा चुके हैं ममदानी

ममदानी इससे पहले दुर्गा पूजा के एक कार्यक्रम के दौरान भी धार्मिक पहचान के आधार पर होने वाली हिंसा को लेकर चिंता जता चुके हैं। उस मौके पर उन्होंने इलिनॉय में एक हिंदू मंदिर पर सामूहिक गोलीबारी की कोशिश का जिक्र किया था। उनका कहना था कि हिंदू-अमेरिकी लोगों को अपने धर्म का पालन करने के लिए किसी तरह के भय का सामना नहीं करना चाहिए।

सिएटल के दिवाली कार्यक्रम में बाधा डालने की घटना की जांच की मांग

अमेरिका में दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ कथित नफरत का मुद्दा सिर्फ न्यूयॉर्क तक सीमित नहीं है। एक दूसरे मामले में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के 13 सदस्यों ने सिएटल में दिवाली के एक कार्यक्रम को बाधित किए जाने की घटना की जांच की मांग की है। रिपोर्ट के मुताबिक, सिएटल में दो दक्षिणपंथी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने दिवाली के एक आयोजन में बाधा डाली थी। इसके बाद अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के 13 सदस्यों ने संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों को पत्र लिखकर इस घटना की जांच करने का अनुरोध किया।

सांसदों ने अधिकारियों से यह पता लगाने को कहा कि क्या इस घटना को संघीय घृणा अपराध यानी फेडरल हेट क्राइम के तौर पर देखा जा सकता है। उन्होंने ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से भी इस मामले पर जानकारी मांगी. इनमें FBI निदेशक काश पटेल भी शामिल हैं। पत्र में सांसदों ने यह जानना चाहा कि दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ बढ़ती शत्रुता से निपटने के लिए संघीय एजेंसियां क्या कदम उठा रही हैं।

एंटी-साउथ एशियन हेट पर अध्ययन में 5.42 लाख से ज्यादा पोस्ट का जिक्र

सिएटल की घटना की जांच की मांग करने वाले सांसदों ने अपने पत्र में सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ ऑर्गनाइज्ड हेट के सितंबर 2026 की एक स्टडी का भी हवाला दिया। इसके मुताबिक जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाली 542000 से अधिक पोस्ट सामने आईं। इस आंकड़े का उल्लेख अमेरिकी सांसदों ने अपने पत्र में किया है।