रबी की बुआई इस साल 11% कम, रकबा घटकर रह गया 178.25 लाख हेक्टेयर; लेकिन क्यों?

13 नवंबर तक भारत में रबी की बुआई में पिछले साल के मुकाबले 11.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। इसका मुख्य कारण गेहूं और दालों के रकबे (बुआई वाले क्षेत्र) में भारी कमी आना है। इसके साथ ही, देश भर में मानसून के बाद होने वाली बारिश भी सामान्य से काफी कम रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 1 अक्टूबर से 16 नवंबर के बीच भारत में 62.4 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य स्तर 94 मिमी के मुकाबले 34 प्रतिशत कम है। इस दौरान देश के लगभग 59 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र में कम या बहुत कम बारिश दर्ज की गई।

मध्य भारत में 49 प्रतिशत, जबकि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में 51 प्रतिशत की कमी रही। दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश सामान्य से 25 प्रतिशत कम रही। महाराष्ट्र में बारिश में 93 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 79 प्रतिशत की भारी कमी देखी गई। कर्नाटक में बारिश 47 प्रतिशत और तेलंगाना में 72 प्रतिशत कम रही।

गेहूं के रकबे में 15.3 प्रतिशत की गिरावट

इस साल रबी फसलों के तहत कुल बुआई क्षेत्र 178.25 लाख हेक्टेयर रहा। पिछले साल इसी अवधि में यह 201.04 लाख हेक्टेयर था। यानि कि इसमें 22.79 लाख हेक्टेयर की कमी आई है। मोटे अनाजों की बुआई में 5.1 प्रतिशत की गिरावट है। धान के रकबे में 4.3 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। गेहूं ​भारत में सर्दियों के सीजन की प्रमुख फसल है। इसके बुआई क्षेत्र में 15.3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। रकबा पिछले साल 59.10 लाख हेक्टेयर था लेकिन इस साल यह घटकर 50.07 लाख हेक्टेयर रह गया है। इसका मतलब हुआ कि 9.03 लाख हेक्टेयर की कमी।

गेहूं उत्पादन करने वाले प्रमुख क्षेत्रों में बारिश की स्थिति एक जैसी नहीं रही। उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से 9 प्रतिशत अधिक बारिश हुई, जबकि उत्तर प्रदेश में 8 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। पंजाब और हरियाणा में भी मौसमी औसत से काफी अधिक बारिश हुई।

दालों की फसल का हाल

दालों की बात करें तो इसके रकबे में सालाना आधार पर 14.3 प्रतिशत की गिरावट है। यह पिछले साल के 54.87 लाख हेक्टेयर से घटकर इस साल 47 लाख हेक्टेयर रह गया है। इसका मुख्य कारण चने की खेती में आई भारी कमी है। चने के रकबे में 21.6 प्रतिशत की कमी आई है। यह 39.70 लाख हेक्टेयर से घटकर 31.13 लाख हेक्टेयर रह गया है। दूसरी ओर मसूर की बुआई में 13.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और इसका रकबा 7.66 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है।

तिलहनों के रकबे में भी गिरावट है। यह पिछले साल के 66.62 लाख हेक्टेयर से 7.4 प्रतिशत घटकर इस साल 61.71 लाख हेक्टेयर रह गया है। सरसों और रेपसीड की बुआई में 8.5 प्रतिशत की कमी आई है। इनका रकबा पिछले साल के 64.78 लाख हेक्टेयर से घटकर 59.31 लाख हेक्टेयर रह गया है।