इंटरनेट यूजर्स के लिए बड़ा खतरा: दुनिया की 178 दिग्गज वेबसाइटों पर साइबर हमला, ऐसे की जा रही थी चोरी

इंटरनेट यूजर्स के लिए बड़ा खतरा: दुनिया की 178 दिग्गज वेबसाइटों पर साइबर हमला, ऐसे की जा रही थी चोरी

cyber attack on 2026

Cyber Attack on 178 Websites : इंटरनेट पर सर्फिंग करते वक्त अब आपको और ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। दुनिया की 178 बड़ी और भरोसेमंद कंपनियों की वेबसाइट्स पर बड़ा साइबर हमला हुआ है। Zoom, HSBC, CNN, सेल्सफोर्स और आइकिया (IKEA) जैसी दिग्गज कंपनियों की वेबसाइट्स के जरिए हैकर्स सीधे यूजर्स के बैंक खातों और डिवाइसेस में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं। ALSO READ: अमेरिका में बड़ा बैंकिंग संकट! जेपी मॉर्गन से लेकर बैंक ऑफ अमेरिका तक ठप, अचानक सेवाएं रुकने से ग्राहकों में हड़कंप

 

कैसे बनाया गया शिकार?

साइबर अपराधियों ने किसी कंपनी के डायरेक्ट सर्वर को हैक करने के बजाय एक स्मार्ट तरीका अपनाया। उन्होंने वेबसाइट ऑप्टिमाइजेशन प्लेटफॉर्म ‘ऑप्टिमाइजली’ (Optimizely) की स्क्रिप्ट में चुपके से बदलाव कर दिया। इसके जरिए दुनिया की 178 नामी-गिरामी वेबसाइट्स पर आने वाले विजिटर्स के ब्राउजर में खतरनाक जावास्क्रिप्ट कोड इंजेक्ट (डाल) कर दिया गया।
 

हैकर्स का असली मकसद क्या था?

सुरक्षा शोधकर्ताओं के मुताबिक, इन मैलिशियस स्क्रिप्ट्स का जाल बहुत खतरनाक था। अगर कोई यूजर क्रिप्टो में पेमेंट कर रहा था, तो पेमेंट एड्रेस बदलकर सीधे हैकर्स के वॉलेट में पहुंच रहा था। ऑनलाइन शॉपिंग या भुगतान के दौरान यूजर्स के कार्ड नंबर और संवेदनशील जानकारियां चोरी की जा रही थीं। यह मैलवेयर एप्पल यूजर्स को भी नहीं छोड़ रहा था; यह iOS उपकरणों में एक्सप्लॉइट कोड डालकर फोन को हैक करने की ताक में था। यूजर्स की कुकीज और स्क्रीनशॉट तक चुराने की कोशिश की गई।

 

साइबर सुरक्षा फर्म ‘हडसन रॉक’ ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है कि इन लोकप्रिय वेबसाइट्स के जरिए विजिटर्स को खतरनाक कोड भेजे जा रहे थे।

 

कंपनियों का रिएक्शन

मामले के तूल पकड़ने के बाद दिग्गज टेक कंपनी सेल्सफोर्स ने बयान जारी कर कहा है कि वे ऑप्टिमाइजली स्क्रिप्ट में हुए अनधिकृत बदलावों की गहराई से जांच कर रहे हैं और एहतियात के तौर पर उन स्क्रिप्ट्स को डीएक्टिवेट कर दिया गया है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ऑप्टिमाइजली, एप्पल, जूम, एचएसबीसी और आइकिया जैसी अन्य कंपनियों ने अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

 

गौरतलब है कि अमेरिका में पहले माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं प्रभावित हुई फिर देश के विमानन क्षेत्र को उस समय बड़ा झटका लगा जब टेक्निकल ग्लीच की वजह से देशभर में उड़ाने रद्द करना पड़ी। इसके बाद कई बड़े अमेरिकी बैंकों में कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ।