दिल्ली एयरपोर्ट पर CM भगवंत मान से मिली थी 70 हजार की शराब! भाजपा नेता रवनीत बिट्टू के दावे पर छिड़ा विवाद, यूजर्स ने लगाई क्लास

दिल्ली एयरपोर्ट पर CM भगवंत मान से मिली थी 70 हजार की शराब! भाजपा नेता रवनीत बिट्टू के दावे पर छिड़ा विवाद, यूजर्स ने लगाई क्लास

चंडीगढ़ पंजाब में भाजपा और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच राजनीतिक जुबानी जंग अब और तीखी हो गई है। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पर बेहद सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दावा किया है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उनके पास से 70 हजार रुपये कीमत की शराब की बोतल जब्त की गई थी। हालांकि, बिट्टू द्वारा मीडिया के सामने शराब की बोतल लहराकर किए गए इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उल्टे उनकी ही क्लास लगा दी।

रवनीत बिट्टू का सनसनीखेज दावा

मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने अपने हाथ में एक शराब की बोतल लहराते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला। बिट्टू ने दावा किया कि यह वही शराब की बोतल है जो दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच के दौरान भगवंत मान के पास से बरामद की गई थी।

 

 उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस बोतल की कीमत 70 हजार रुपए है। बिट्‍टू ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है और राज्य के संसाधनों को लूटा जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए। ALSO READ: पेरिस से लौटे पंजाब सीएम भगवंत मान को दिल्ली एयरपोर्ट पर 3 घंटे रोका, काटा 50 हजार का चालान

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने लगाई क्लास

रवनीत बिट्टू का यह बयान और वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो गया। हालांकि, बिट्टू के इस दावे पर आम जनता और नेटिज़न्स का रुख उनके उलट देखने को मिला। एक्स पर एक यूजर ने सवाल उठाया कि आपको यह बोतल कैसे मिली और किस अधिकारी ने आपको यह दी? इसका सबूत कहाँ है? बिना पुष्टि वाले दावों से मान का कुछ नहीं बिगड़ेगा। इससे बस आपकी अपनी विश्वसनीयता को ही नुकसान पहुंचेगा। एक अन्य यूजर ने सवाल उठाया कि आपको वह बोतल कैसे मिली? क्या अब आप इसे बिना किसी पैसे के अपने घर ले जाएंगे?

क्या है पूरा मामला?

हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर के साथ फ्रांस (पेरिस में आयोजित व्यापार मेले SIAL Paris 2026) के आधिकारिक दौरे से वापस लौटे थे। दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम (सीमा शुल्क) विभाग के अधिकारियों ने उनके और उनके स्टाफ के सामान की जांच के लिए उन्हें 2 से 3 घंटे तक रोके रखा। इसके बाद उन पर 50000 रुपए की कस्टम ड्‍यूटी लगाई गई। 

केंद्र सरकार का बदला

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री मान और ‘आप’ नेताओं ने इसे केंद्र सरकार का बदला और पंजाब का अपमान करार दिया। मान ने दावा किया कि दिल्ली एयरपोर्ट के कस्टम हेड (मनीष कुमार) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के भाई हैं। मान के मुताबिक, ‘आप’ द्वारा चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उठाए गए कदमों का बदला लेने के लिए उन्हें जबरन प्रताड़ित किया गया। ‘आप’ के प्रवक्ताओं ने आरोप लगाया कि कस्टम अधिकारियों ने खुद स्वीकार किया कि उन पर ‘ऊपर से भारी दबाव’ था। पार्टी का कहना था कि हाईकोर्ट के निर्देशों के बावजूद पेरिस दौरे और लौटने पर सीएम के साथ उचित प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया।