‘हैरी मेरे दोस्त तुम इसके हकदार हो’, विराट ने इंग्लैंड के कप्तान केन को दी अवार्ड जीतने पर बधाई

भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली ने मंगलवार को हैरी केन को बैलोन डी ओर जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि वह इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के ‘पूरी तरह से’ हकदार थे।कोहली ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘हैरी मेरे दोस्त, आपने शीर्ष स्तर की फुटबॉल में इतने वर्षों तक जिस दृढ़ता, कड़ी मेहनत और ईमानदारी से अपना काम किया उसे देखते हुए आप इस पुरस्कार की पूरी तरह से हकदार हो। आपको यह पुरस्कार मिलने से मैं बहुत खुश हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप पर और आपके परिवार पर ईश्वर की कृपा बनी रहे। आपके परिवार को भी आप पर बहुत गर्व होगा जैसा कि आपको अपने इस सफर पर होगा। बधाई और शुभकामनाएं।’’

25 वर्षों में बैलोन डी ओर जीतने वाले इंग्लैंड के पहले खिलाड़ी बने

गौरतलब है कि पिछले सत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले हैरी केन पिछले 25 वर्षों में बैलोन डी ओर जीतने वाले इंग्लैंड के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।केन ने पिछले सत्र में क्लब और देश के लिए 73 गोल किए और वह यूरोप में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे।

उन्होंने जर्मनी के अपने क्लब बायर्न म्यूनिख और विश्व कप में गोल करने का नया रिकॉर्ड बनाया था। विश्व कप में वह इंग्लैंड के कप्तान थे और उनकी टीम तीसरे स्थान पर रही थी।इससे पहले बैलोन डी ओर जीतने वाले इंग्लैंड के अंतिम खिलाड़ी माइकल ओवेन थे जिन्होंने 2001 में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किया था।

केन ने बायर्न को बुंडेसलिगा और जर्मन कप दोनों खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने स्टटगार्ट के खिलाफ जर्मन कप के फाइनल में हैट्रिक भी बनाई। बायर्न चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल तक भी पहुंचा था।विश्व कप में उन्होंने छह गोल करके गैरी लाइनकर को पीछे छोड़ते हुए इंग्लैंड की तरफ से विश्व कप में सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड बनाया था। उनकी टीम सेमीफाइनल में अर्जेंटीना से हार गई, लेकिन उसने तीसरे स्थान के मैच में फ्रांस को हराया जो पिछले 60 वर्षों में इंग्लैंड का विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

इस पुरस्कार की दौड़ में शामिल अन्य खिलाड़ियों में मतदान में केन के बाद किलियन एमबाप्पे, लामिन यामल (जिन्हें लगातार तीसरे वर्ष सर्वश्रेष्ठ युवा खिलाड़ी चुना गया), 2024 के विजेता रोड्रि और रिकॉर्ड आठ बार के विजेता लियोनेल मेस्सी का नंबर रहा।