Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम करवट लेने वाला है। कहीं, मूसलाधार बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है, तो कहीं आंधी, बिजली और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा। जबकि बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा कम दबाव का क्षेत्र अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इस सिस्टम के प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा में 27 से 29 अक्टूबर के बीच भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है। इसका असर पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की जरूरत है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती सिस्टम, 26 अक्टूबर अहम दिन
- मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र मजबूत हो रहा है। इसके 24 अक्टूबर को डिप्रेशन, 25 अक्टूबर को गहरे डिप्रेशन और 26 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है।
- पूर्वानुमान के मुताबिक, यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 28 अक्टूबर के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट के नजदीक पहुंच सकता है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय हो चुका है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर तेज रहने का अनुमान है:-
- तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल: 24 से 26 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।
- इस दौरान गरज-चमक, बिजली और 40–50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
- केरल और माहे: 24 से 26 अक्टूबर के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से भारी बारिश का खतरा है। इसके बाद भी 28 अक्टूबर तक कई जगह बारिश जारी रह सकती है।
- लक्षद्वीप: 24 और 25 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर बहुत तेज बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन सकती है।
- कर्नाटक: तटीय और दक्षिणी आंतरिक हिस्सों में बारिश का अनुमान है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 25 अक्टूबर को भारी बारिश और कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा पर सबसे ज्यादा नजर
बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा सिस्टम अगले सप्ताह के मौसम को प्रभावित कर सकता है। खासतौर पर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में बारिश की तीव्रता बढ़ने की आशंका है:-
- आंध्र प्रदेश: तटीय आंध्र प्रदेश और यानम में 27 और 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है।
- 29 अक्टूबर को भी भारी बारिश की आशंका है। रायलसीमा में भी 24 से 29 अक्टूबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
- ओडिशा: 27 अक्टूबर को भारी से बहुत भारी बारिश और 28 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का अनुमान है। 29 अक्टूबर को भी भारी बारिश जारी रह सकती है।
- मौसम विभाग ने झारखंड में 28 और 29 अक्टूबर के दौरान गरज के साथ तेज आंधी की आशंका जताई है, जिसमें हवा की रफ्तार 50–60 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बदलेगा मौसम
मौसम का असर केवल समुद्र तटों तक सीमित रहने का अनुमान नहीं है। पूर्वी भारत में भी अगले सप्ताह बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं:-
- पश्चिम बंगाल और सिक्किम: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 28–29 अक्टूबर को व्यापक बारिश हो सकती है। गंगा के मैदानी हिस्सों में 29-30 अक्टूबर को बारिश की आशंका है।
- बिहार: 28 से 30 अक्टूबर के बीच कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है। 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश और 30 अक्टूबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है।
- झारखंड: 28–29 अक्टूबर को बारिश के साथ तेज आंधी की आशंका है। 28 और 29 अक्टूबर को हवा के तेज झोंके नुकसान पहुंचा सकते हैं।
- अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह: 24 से 27 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है।
मध्य भारत में भी बारिश और तेज हवाओं का खतरा
- मध्य भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदलने की संभावना है। मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 27 से 30 अक्टूबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 29–30 अक्टूबर को व्यापक बारिश का अनुमान है। विदर्भ में 28 अक्टूबर को कई जगह बारिश हो सकती है।
- जबकि छत्तीसगढ़ में 28–29 अक्टूबर के दौरान बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
- विदर्भ में 28 अक्टूबर और छत्तीसगढ़ में 28-29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और खेतों में पानी जमा होने की समस्या पैदा हो सकती है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
- दिल्ली-NCR के लोगों के लिए फिलहाल राहत की बात यह है कि 24 अक्टूबर को दिल्ली में व्यापक बारिश का अनुमान नहीं है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत के लिए जारी पूर्वानुमान में 24 अक्टूबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं की संभावना बताई गई है।
- इसके बाद 28–29 अक्टूबर के दौरान दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 29-30 अक्टूबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28-30 अक्टूबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29-30 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
इन बातों को लेकर सावधानी बरतना जरूरी
1. भारी बारिश के दौरान निचले इलाकों, जलभराव वाली सड़कों और उफनते नालों से दूर रहें।
2. बिजली चमकने के समय खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।
3. तेज हवाओं के दौरान कमजोर छतों, अस्थायी ढांचों और पेड़ों के आसपास सावधानी बरतें।
4. तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोग प्रशासन और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें। मछुआरे समुद्र में जाने से पहले जारी चेतावनियों की जांच करें।
5. किसान कटाई के बाद खुले में रखी फसल और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करें।

