इंदौर में राहुल गांधी के आयोजन के लिए 50 हजार रजिस्ट्रेशन का दावा, जगह की अनुमति को लेकर अब तक अटकी है सुई

इंदौर में राहुल गांधी के आयोजन के लिए 50 हजार रजिस्ट्रेशन का दावा, जगह की अनुमति को लेकर अब तक अटकी है सुई

Rahul Gandhi

राहुल गांधी के इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ आयोजन को लेकर सुई अटक गई है। पिछले कई दिनों से भाजपा और कांग्रेस में इसे लेकर जमकर राजनीति चल रही है। पहले यह आयोजन 12 सितंबर को होना था, अब कांग्रेस ने 19 सितंबर की तारीख तय की है। लेकिन आयोजन के लिए जगह अब भी तय नहीं है।

पहले कांग्रेस ने नेहरू स्‍टेडियम को लेकर अनुमति मांगी थी, लेकिन अनुमति नहीं दी गई। अब कांग्रेस रीजनल पार्क मैदान में इस कार्यक्रम को करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए छात्रों के रजिस्‍ट्रेशन किए जा रहे हैं। ऐसे में अब भाजपा का कहना है कि जब अब तक अनुमति नहीं मिली है तो कांग्रेस आयोजन की तैयारी कैसे कर रही है।

बता दें कि इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए अब तक 50 हजार से ज्यादा लोगों के रजिस्ट्रेशन का दावा किया है। दूसरी तरफ महिला कांग्रेस घर घर जाकर संपर्क कर रही है। हालांकि दूसरी तरफ राहुल गांधी के इस आयोजन को लेकर जगह अब तक तय नहीं हो पाई है। इंदौर कलेक्‍टर ने इस बारे में बयान दिया है कि सोचकर बताएंगे। बता दें कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर पिछले कई दिनों से राजनीति हो रही है, जगह को लेकर सुई अटकी हुई है। इस बीच बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय और कांग्रेस नेता सज्‍जन सिंह वर्मा के बयान वायरल हो रहे हैं। दोनों एक दूसरे पर राहुल गांधी के आयोजन को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं।

बता दें कि कांग्रेस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा से मुलाकात की है। कलेक्टर से रीजनल पार्क के सामने वाली जमीन पर अनुमति मांगी है। वहीं, कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए 50 हजार से ज्यादा छात्रों के रजिस्ट्रेशन का दावा किया है।

सर्कस देखने हर कोई जाता : इंदौर में गोगा नवमी के जुलूस के दौरान कैलाश विजयवर्गीय से राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सर्कस देखने हर कोई जाता है। विजयवर्गीय इससे पहले भी राहुल गांधी के इंदौर आने को लेकर टिप्पणी कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी जब-जब इंदौर आते हैं, उससे भाजपा को फायदा होता है।

सज्जन वर्मा का पलटवार : विजयवर्गीय की इस टिप्पणी पर कांग्रेस के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने हमला बोला। वर्मा ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय अपने बड़बोलेपन में अपनी हैसियत और औकात भूल जाते हैं। उन्होंने राहुल गांधी के परिवार के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और देश के लिए दिए गए बलिदानों का जिक्र करते हुए विजयवर्गीय पर निशाना साधा। वर्मा ने कहा कि राहुल गांधी उस परिवार से आते हैं जिसका नाम देश के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में दर्ज है। आजादी के बाद भी इस परिवार ने देश के लिए बलिदान दिया है। उन्होंने विजयवर्गीय की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी इंदौर सर्कस देखने नहीं आ रहे हैं बल्कि तुम जैसे सर्कस के जंतुओं को रिंगमास्टर बनकर नचाने आ रहे हैं।

कलेक्टर ने कहा- सोच कर बताएंगे : इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के साथ कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल रविवार को कलेक्टर से मिला। इसमें जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, सत्यनारायण पटेल, दीपू यादव, राजू भदौरिया, अमन बजाज और राजेश चौकसे शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने पत्र सौंपकर कलेक्टर से कहा कि कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के पास खुले मैदान पर अनुमति दी जाए। इस पर कलेक्टर ने जल्द विचार करने का आश्वासन दिया है। इसके अलावा कांग्रेस ने खंडवा रोड देवी अहिल्या विश्वविद्यालय मैदान या जीएसीसी के पीछे वाले मैदान की भी मांग की है। चौकसे ने कहा कि राहुल के कार्यक्रम के लिए युवाओं में खासा क्रेज है। अब तक 50 हजार से ज्यादा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।

महिला कांग्रेस ने शुरू किया संपर्क अभियान : प्रदेश सह प्रभारी उषा नायडू और शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक ली। इसमें ब्लॉक, वार्ड और बूथ कमेटियों को बूथ स्तर तक युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई। महिला कांग्रेस का प्रदेशभर में संपर्क अभियान रविवार को भी जारी रहा। प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया नर्मदापुरम पहुंचीं और छात्राओं से संवाद किया। छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कर इंदौर आने का वादा किया।

भाजपा ने क्‍यों लगाया अड़ंगा : बता दें कि करीब चार दिन पहले भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव ने भारत जोड़ो मैदान में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर पुलिस आयुक्त और जिला कलेक्टर को शिकायत दी थी। उन्होंने अपनी शिकायत देकर कहा था कि 19 सितंबर को शाम 5 बजे भारत जोड़ो मैदान में कार्यक्रम का पोस्टर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। पोस्टर में राहुल गांधी के साथ जुड़ने और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन का आह्वान किया गया है।

प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव कहा कि जिस जमीन को कार्यक्रम स्थल बताया जा रहा है, उसके स्वामित्व और अधिपत्य को लेकर आइडीए से संबंधित न्यायालयीन विवाद की स्थिति है। ऐसे में प्रशासन यह जांच करें कि आयोजकों ने जमीन के उपयोग के लिए आइडीए या सक्षम प्राधिकारी से अनुमति ली है या नहीं। उन्होंने कहा कि अनुमति नहीं होने की स्थिति में कार्यक्रम की तैयारियों को तत्काल रोका जाना चाहिए।