बाबा नीम करौली के जीवन पर बनी ‘हनुमान अंश’ देखकर भावुक हुए सीएम धामी, कलाकारों की जमकर की तारीफ

बाबा नीम करौली के जीवन पर बनी 'हनुमान अंश' देखकर भावुक हुए सीएम धामी, कलाकारों की जमकर की तारीफ

cm dhami watching hanuman ansh

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने बाबा नीम करौली के जीवन आधारित आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। उन्होंने फिल्म की सराहना करते हुए बाबा के भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक संदेश को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

 

सीएम धामी एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि देहरादून में परम श्रद्धेय बाबा नीब करौरी महाराज जी के जीवन, साधना और हनुमान भक्ति पर आधारित फिल्म “हनुमान अंश” का अवलोकन किया। फिल्म के माध्यम से बाबा नीब करौरी महाराज जी के तप, त्याग, सेवा और हनुमान जी के प्रति उनकी अटूट आस्था को जानने और समझने का अवसर मिला। उनका संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा, आध्यात्मिक साधना और लोककल्याण के लिए समर्पित रहा।

 

उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज जी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि भक्ति केवल साधना नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का मार्ग भी है। ऐसी प्रेरणादायी फिल्में हमारी आध्यात्मिक विरासत और महान संतों के जीवन-दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने इस प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक फिल्म के निर्माण से जुड़े निर्देशक, निर्माता, सभी कलाकारों एवं पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

 

गौरतलब है कि विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी हनुमान अंश में शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म को 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर में रिलीज किया गया है। उत्तराखंड सरकार ने फिल्म को टैक्स फ्री घोषित किया है।