
उत्तर प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी की। लिस्ट में करीब 19 लाख मतदाता बढ़े हैं। राज्य में कुल मतदाता 13.39 करोड़ से बढ़कर 13.58 करोड़ रुपए हुए। महिला मतदाताओं की संख्या बढ़कर 6.20 करोड़ हुई। पुरुष वोटर्स की संख्या भी बढ़कर 7.38 करोड़ हुई। दावे और आपत्तियों के बाद फाइनल वोटर लिस्ट का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म 6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म 7 और संशोधन के लिए फॉर्म 8 भरना होगा। एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के पात्र होंगे। इसके अलावा 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी फॉर्म छह भरकर आवेदन कर सकेंगे। पुनरीक्षण के दौरान 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
सभी मतदान स्थल सुबह 10 से शाम 4 बजे तक खुले रहेंगे और वहां बीएलओ मौजूद रहेंगे। आवेदन चुनाव आयोग की वेबसाइट और ईसीआईनेट एप के माध्यम से भी किया जा सकता है। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।
प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू होने से पहले 27 अक्टूबर 2025 को करीब 15.44 करोड़ मतदाता थे। पुनरीक्षण के दौरान मृतक, स्थानांतरित, अनुपस्थित और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों की जांच के बाद मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर संशोधन किया गया। इसके बाद इस वर्ष 10 अप्रैल को जारी अंतिम मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या घटकर करीब 13.40 करोड़ रह गई थी। नए नाम जुड़ने के बाद वोटर्स की संख्या बढ़कर 13.56 करोड़ हो गई।


