
US Banking Outage: अमेरिकी बैंकिंग सेक्टर के लिए सोमवार का दिन किसी बड़े झटके से कम नहीं रहा। देश के बैंकिंग सिस्टम में अचानक आई एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी के कारण अमेरिका के कई दिग्गज बैंकों की ऑनलाइन और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं ठप हो गईं। अचानक सेवाएं बाधित होने से हजारों ग्राहकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ALSO READ: चीन से आने वाली किसी भी खूबसूरत महिला को लोग जासूस कह देते हैं, हुआंग के समर्थन में क्या बोले ट्रंप?
किन-किन बैंकों पर पड़ा असर?
आउटेज ट्रैक करने वाली लोकप्रिय वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार, इस तकनीकी समस्या की चपेट में अमेरिका के कई प्रमुख वित्तीय संस्थान आ गए। प्रभावित होने वाले प्रमुख बैंकों में जेपी मॉर्गन चेस, बैंक ऑफ अमेरिका, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो, कैपिटल वन और ट्रुइस्ट बैंक शामिल है। इसके अलावा, डिजिटल मनी ट्रांसफर सर्विस जेली के इस्तेमाल में भी कई ग्राहकों को रुकावटों का सामना करना पड़ा।
जेपी मॉर्गन के 4,800 से ज्यादा ग्राहक प्रभावित
सोमवार सुबह से ही ग्राहकों ने ऑनलाइन बैंकिंग में दिक्कतें आनी शुरू होने की शिकायत की थी, जो दोपहर तक तेजी से बढ़ गईं। अमेरिकी समयानुसार दोपहर 2 बजे (भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे) तक अकेले जेपी मॉर्गन चेस के 4,800 से अधिक ग्राहकों ने आधिकारिक तौर पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के मुताबिक, 53% ग्राहकों को अकाउंट बैलेंस और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देखने में परेशानी हुई। 20% ग्राहक अपने खातों में लॉगिन ही नहीं कर पा रहे थे। 17% लोगों को पैसे ट्रांसफर और वायर ट्रांसफर करने में दिक्कत आई।
बैंक ऑफ अमेरिका के ग्राहकों को एटीएम और मोबाइल ऐप दोनों मोर्चों पर जूझना पड़ा, वहीं वेल्स फार्गो और यूएस बैंक के यूजर्स भी अपने ऑनलाइन अकाउंट्स तक नहीं पहुंच सके।
साइबर अटैक की आशंका को किया खारिज
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि यह कोई साइबर हमला हो सकता है। हालांकि, अमेरिका के सबसे बड़े बैंक जेपी मॉर्गन चेस ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया।
बैंक ने स्पष्ट किया कि यह गड़बड़ी किसी साइबर अटैक की वजह से नहीं, बल्कि उनके आंतरिक हार्डवेयर सिस्टम में आए एक सॉफ्टवेयर बग के कारण हुई है। इस तकनीकी खामी की वजह से कुछ ट्रांजैक्शन में जरूर देरी हुई, लेकिन बैंक ने भरोसा दिलाया कि ग्राहकों के खाते और उनका पैसा पूरी तरह सुरक्षित है। बैंक की टेक्निकल टीम ने तेजी से काम करते हुए सिस्टम को सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।
गौरतलब है कि अमेरिका के लिए यह हफ्ता तकनीकी बाधाओं के लिहाज से काफी तनावपूर्ण रहा है। पिछले कुछ ही दिनों में देश को तीसरी बड़ी तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा है। इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट की ग्लोबल सेवाओं में आउटेज देखा गया था, और हाल ही में अमेरिकी विमानन नेटवर्क में भी तकनीकी खराबी आने से हजारों यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी थी।


