5 नवंबर… आज का दिन क्रिकेट फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है, क्योंकि उनके फेवरेट क्रिकेटर विराट कोहली 38 साल के हो गए। दिल्ली की गलियों से निकलकर दुनिया के सबसे बड़े बल्लेबाज बनने तक का उनका यह सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
ANI के अनुसार, विराट कोहली के 38वें जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर फैंस से लेकर पूर्व और मौजूदा क्रिकेटरों तक ने बधाइयों की बाढ़ ला दी है। सुबह से ही #HappyBirthdayViratKohli ट्रेंड कर रहा है। फैंस उनकी पुरानी यादगार पारियों के वीडियो शेयर कर रहे हैं, वहीं क्रिकेट जगत से जुड़े लोग उन्हें आधुनिक क्रिकेट का सबसे बड़ा चेज मास्टर बता रहे हैं।
कभी अंडर-19 वर्ल्ड कप जीताने वाला वो लड़का, आज रिकॉर्ड बुक का हर पन्ना अपने नाम कर चुका है। चेज मास्टर, रन मशीन… नाम कई हैं, लेकिन कहानी एक ही है – हार न मानने की।
आज उनके जन्मदिन पर हम उनके वो 38 आंकड़े लेकर आए हैं, जिन्हें देखकर आप भी कहेंगे – चीकू, Happy Birthday!
शुरुआत ऐसी थी, अंदाजा किसी को नहीं था
- 2008 अंडर-19 वर्ल्ड कप – अपनी कप्तानी में भारत को चैंपियन बनाया, 6 पारियों में 235 रन ठोके।
- रणजी ट्रॉफी 2006-07 – दिल्ली के लिए पहला पूरा सीजन, बेस्ट स्कोर 90 रन।
- विजय हजारे 2008-09 – 7 पारियों में 534 रन, पूरे सीजन में सबसे ज्यादा।
- उसी सीजन में 4 शतक जड़ दिए थे।
- युवा टीम के लिए टेस्ट और वनडे मिलाकर 1,910 रन, 4 शतक और 12 फिफ्टी।
टेस्ट में कप्तानी हो या बल्लेबाजी, सबमें नंबर-1
- 123 टेस्ट में 9,230 रन – भारत के चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज।
- टेस्ट में 30 शतक।
- कप्तान रहते 7 दोहरे शतक – दुनिया के किसी कप्तान ने इतने नहीं लगाए।
- कप्तानी में 68 टेस्ट में 40 जीत – भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान।
- घर में लगातार 11 टेस्ट सीरीज जीतीं, एक दौर था जब घर में हराना नामुमकिन था।
- कप्तान के तौर पर 5,864 रन, औसत 54.8।
- SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) में 12 टेस्ट शतक।
- ऑस्ट्रेलिया में ही 7 टेस्ट शतक – किसी भी भारतीय का सबसे ज्यादा।
वनडे में तो जैसे कोई मुकाबला ही नहीं
- 318 वनडे में 15,183 रन – दुनिया में दूसरे नंबर पर।
- वनडे में 55 शतक।
- चेज करते हुए 8,741 रन – इस मामले में दुनिया में सबसे आगे।
- जीते हुए चेज में 6,477 रन, औसत 89.95 – मतलब जीत पक्की समझो।
- चेज में औसत ही 66.21 का है।
- घर में वनडे में 7,035 रन – किसी भी बल्लेबाज का सबसे ज्यादा।
- 55 में से 45 शतक टीम की जीत में आए।
- 10 देशों में वनडे खेला, 9 में औसत 50 से ऊपर।
- तिरुवनंतपुरम में तो बिना आउट हुए 338 रन बना दिए।
टी20 और आईपीएल में भी वही बादशाहत
- टी20 क्रिकेट में 430 मैचों में 14,218 रन।
- टी20 में 10 शतक।
- टी20 इंटरनेशनल में 125 मैचों में 4,188 रन।
- टी20 वर्ल्ड कप में जब-जब नाबाद रहे, भारत 8 मैच जीता।
- सफल चेज में टी20I औसत 78.61।
- 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई में 21 गेंद में फिफ्टी – सबसे तेज टी20 फिफ्टी।
- आईपीएल 2016 में पंजाब के खिलाफ 47 गेंद में शतक।
- 2023 से 2026 तक लगातार 4 सीजन में 600+ रन – ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज।
वो आंकड़े जो उन्हें महान बनाते हैं
- तीनों फॉर्मेट मिलाकर 28,601 इंटरनेशनल रन – दुनिया में दूसरे नंबर पर।
- इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 86 शतक।
- 2010 से 2019 के बीच अकेले 20,960 रन – एक दशक में 20 हजार रन बनाने वाले इकलौते खिलाड़ी।
- 10 आईसीसी अवॉर्ड – किसी भी क्रिकेटर के सबसे ज्यादा।
- तीन बार प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट – 2014, 2016 टी20 वर्ल्ड कप और 2023 वनडे वर्ल्ड कप।
- आईसीसी व्हाइट बॉल टूर्नामेंट में 3,834 रन – सबसे आगे।
- इंटरनेशनल क्रिकेट में औसत 52.86 – टॉप-20 रन बनाने वालों में 50+ औसत वाले इकलौते बल्लेबाज।
- वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, चैंपियंस ट्रॉफी, टेस्ट चैंपियनशिप की गदा और आईपीएल – सब जीत चुके हैं।
कोहली का सफर अभी खत्म नहीं हुआ, आगे और भी रिकॉर्ड टूटेंगे
38 की उम्र में भी कोहली की भूख वही है। जिम में पसीना, मैदान पर वही जुनून। फैंस को अब भी उम्मीद है कि आगे भी कई बड़ी पारियां उनका इंतजार कर रही हैं। क्योंकि जब तक कोहली क्रीज पर हैं, तब तक मैच खत्म नहीं होता।

