Viral Post: सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति की कुक को लेकर पोस्ट काफी वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में व्यक्ति ने बताया कि उसके घर में 4 साल से काम कर रही कुक ने अचानक नौकरी छोड़ दी। व्यक्ति ने बताया कि इस दौरान उसने हमेशा समय पर वेतन दिया, बोनस दिया, छुट्टियां दीं और हर साल सैलरी में बढ़ोतरी भी की।। इसके बावजूद कुक ने ज्यादा कमाई के लिए दूसरी जगह काम करने का फैसला किया। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर रिश्तों, उम्मीदों और नौकरी बदलने को लेकर काफी चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल हुआ पोस्ट
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्ट में उस व्यक्ति ने लिखा, “आज हमारी कुक आंटी घर आईं और बोलीं, ‘भैया, कल से नहीं आऊंगी।’ उन्होंने हमारे साथ 4 साल तक काम किया है। हर साल मैंने उनकी सैलरी में 15% की बढ़ोतरी की। फिलहाल उनकी तनख्वाह ₹15,500 प्रति माह है।” उन्होंने आगे कहा, “होली, दिवाली, रक्षाबंधन और नवरात्रि जैसे त्योहारों पर उन्हें गिफ्ट, साड़ी, मिठाई, बोनस और नकद राशि भी दी जाती थी। यहां तक कि जब वह 10-15 दिनों के लिए बाहर रहती थीं, तब भी मैंने कभी उनकी सैलरी नहीं काटी।”
कुक ने छोड़ी सैलरी
उस व्यक्ति को भरोसा था कि कई वर्षों से बने अच्छे संबंध, सम्मान और भरोसे की वजह से उनके बीच मजबूत जुड़ाव बन गया है। ऐसे में जब हाउस हेल्प ने अचानक काम छोड़ने का फैसला सुना तो वह काफी हैरान रह गया। उन्होंने लिखा, “मुझे लगता था कि सालों से बने रिश्तों की भी कुछ अहमियत होती है। मैंने उनसे पूछा, ‘क्या कोई परेशानी है?’ इस पर उन्होंने कहा, ‘मुझे दूसरी जगह ज्यादा सैलरी मिल रही है।’ मैंने जवाब दिया, ‘मैं उतनी सैलरी देने के लिए तैयार हूं।’ लेकिन वह मुस्कुराईं और बोलीं, ‘नहीं भैया, मैंने वहां पहले ही एडवांस ले लिया है। आप किसी नए कुक को ढूंढ़ लीजिए।’ और इस तरह 4 साल का साथ सिर्फ 2 मिनट की बातचीत में खत्म हो गया।”
Today, our cook aunty came home and said, Bhaiya, kal se nahi aaungi.
She has worked with us for 4 years.
Every year, I increased her salary by 15. Her current salary is 15,500 per month.
On Holi, Diwali, Rakshabandhan, and Navratri, there were gifts, sarees, sweets,…
— Ankit Pandey (@iamankitpande) June 21, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “सच्चाई ये है कि लोग हमेशा इसलिए साथ नहीं छोड़ते क्योंकि उनके साथ बुरा व्यवहार हुआ हो। कई बार वे इसलिए आगे बढ़ जाते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि कहीं और उनके लिए बेहतर अवसर मौजूद हैं।” उस व्यक्ति ने अपनी पोस्ट में लिखा, “आज मुझे एक बात समझ आई कि किसी रिश्ते को लेकर हमारी सोच और उसकी अहमियत, दूसरे व्यक्ति की सोच से अलग हो सकती है।” उनकी ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और इस पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
यूजर्स ने किया कमेंट
कुछ यूजर्स ने उनकी भावनाओं को समझते हुए सहानुभूति जताई, जबकि कई लोगों ने इस पूरे मामले की तुलना कॉर्पोरेट दुनिया से की। एक यूजर ने लिखा, “लोग वही फैसला लेते हैं जो उन्हें अपने लिए बेहतर लगता है। इसमें कुछ भी व्यक्तिगत नहीं होता।” दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा, “अगर यही कहानी किसी कॉर्पोरेट कर्मचारी के नौकरी बदलने की होती, तो ज्यादातर लोग उसे पुराने ऑफिस में वापस न जाने की सलाह देते।” वहीं, एक यूजर ने मजाक करते हुए कहा, “भाई, एक कुक को ₹15,500 महीना? पता भेजो, मैं ही काम करने आ जाता हूं।”

