झूठा था उसके प्यार का इजहार! एक हफ्ते पहले की सिया गोयल की ये इंस्टा पोस्ट देख कौन कहेगा कि ये मारने वाली थी मंगेतर को

सोशल मीडिया पर जो कहानी कल तक एक परफेक्ट लव स्टोरी की तरह नजर आ रही थी वो अब महाराष्ट्र के सबसे चौंकाने वाले हत्याकांडों में से एक बन चुकी है। इस वक्त पुणे के केतन अग्रवाल की मर्डर मिस्ट्री के खुलासे ने पूरे देश को चौंका कर रख दिया है। पुलिस ने केतन की हत्या के आरोप में उसकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधर को अरेस्ट कर लिया है। पर सबसे अधिक लोगों के बीच सिया को लेकर चर्चा है। सिया ने अपने मंगेतर को मारने की साजिश रचने के दौरान प्यार का कैसा नाटक खेलकर रखा, ये लोगों को चौंका रहा है।

महीनों तक सिया गोयल का इंस्टाग्राम प्रोफाइल उसके मंगेतर केतन अग्रवाल के साथ रोमांटिक पलों से गुलजार था। ड्रीम प्रपोजल, फूलों के सरप्राइज, डांस वीडियो, गले मिलने की तस्वीरें और शादी की प्लानिंग.. इन सबको देखकर कोई भी यही कहेगा कि दोनों एक-दूसरे के प्यार में डूबे हुए थे। अब पुलिसिया जांच में जो सच सामने आया है उसने हर किसी को सन्न कर दिया है। जिसे दुनिया प्यार का इजहार समझ रही थी वह असल में फरेब था और ऐसा धोखा था जिसने एक हंसते खेलते शख्स को मार डाला।

दिल को उसका घर मिल गया – सिया ने सगाई के बाद लिखी थीं ये बातें

एनडीटीनी की रिपोर्ट के मुताबिक सिया और केतन ने इसी साल फरवरी में अपनी सगाई का एलान किया था। इसके बाद दोनों के परिवारों ने नवंबर में होने वाली एक बेहद भव्य और आलीशान शादी की तैयारियां भी शुरू कर दी थीं। इसमें लग्जरी वेन्यू, प्राइवेट जेट और महल जैसे फंक्शन शामिल होने वाले थे। सगाई के तुरंत बाद से ही सिया नियमित रूप से अपने इस रिश्ते का जश्न मनाते हुए तस्वीरें और वीडियो शेयर कर रही थी। सगाई के एक महीने बाद सिया ने एक कैंडल-लिट केक की तस्वीर पोस्ट की और केतन को टैग करते हुए लिखा- चीयर्स टू वन मंथ सिंस माई हार्ट फाउंड इट्स होम (एक महीना पूरा होने की शुभकामनाएं, मेरे दिल को उसका घर मिल गया)।

इसी तरह मई की एक पोस्ट में केतन, सिया को एक फूल देते हुए नजर आ रहा था। सिया ने इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा था कि उसने मेरी पसंद को काफी सीरियसली ले लिया। इस पोस्ट के अंत में दोनों एक-दूसरे को गले लगाते दिख रहे थे। सिया ने केतन की एक इंस्टाग्राम स्टोरी को भी अपने अकाउंट पर रीशेयर किया था। इसमें केतन ने सिया की तस्वीर के साथ लिखा था- दैट स्माइल और साथ में एक हार्ट इमोजी लगाया था।

वारदात से से कुछ दिन पहले ही डाला था रोमांटिक डांस वीडियो

इस पूरी कहानी का सबसे डरावना पहलू यह है कि मर्डर की इस वारदात से कुछ ही दिन पहले यानी 19 मई को सिया ने अपने इंस्टाग्राम पर एक बर्थडे काउंटडाउन स्टोरी शेयर की थी। इस वीडियो स्टोरी में यह कपल एक रोमांटिक गाने पर एक साथ डांस करता हुआ दिखाई दे रहा था। ऐसे में किसी को क्या पता चलता था कि केतन के प्यार में डूबने का नाटक कर रही सिया तो असल में उसे मारने की प्लानिंग कर रही है।

हवा तेज थी और पैर फिसल गया – पुलिस को सुनाई झूठी कहानी

करीब एक महीने बाद ही यह लव स्टोरी एक खौफनाक त्रासदी में बदल गई। पुणे के पास लोहगढ़ किले में एक गहरी घाटी में गिरने से केतन की मौत हो गई। शुरुआत में सिया ने इस घटना को एक हादसा दिखाने की पूरी कोशिश की। उसने लोनावला रूरल पुलिस को बताया कि जब वे दोनों तेज हवाओं के बीच तस्वीरें ले रहे थे तब केतन का पैर अचानक फिसल गया और वह नीचे गिर गया। सिया के इसी बयान के आधार पर पुलिस ने शुरुआत में दुर्घटनावश हुई मौत का मामला दर्ज किया था।

ऐसे खुला राज: बेकरी मालकिन और ड्राई फ्रूट कारोबारी का लव अफेयर

मामले की जांच कर रहे अधिकारियों को जल्द ही सिया की कहानी पर शक हो गया और जब उन्होंने गहराई से तफ्तीश की तो सोशल मीडिया के पीछे छिपी एक बिल्कुल अलग और काली हकीकत सामने आ गई। पुलिस ने पाया कि सिया का 22 वर्षीय चेतन चौधरी के साथ गुप्त प्रेम प्रसंग चल रहा था। सिया की खुद की एक बेकरी है जबकि चेतन ड्राई फ्रूट्स (सूखे मेवे) के बिजनेस से जुड़ा हुआ है। दोनों की मुलाकात पिछले साल एक बिजनेस मीटिंग के दौरान हुई थी और नवंबर 2025 से ही उनका यह रिश्ता शुरू हो गया था। मजे की बात यह है कि जब सिया का परिवार केतन के साथ उसकी शादी की तैयारियों में आगे बढ़ रहा था तब भी वह चेतन के साथ रिलेशनशिप में थी। पुलिस के मुताबिक चेतन इस सगाई से बिल्कुल खुश नहीं था और वह केतन को अपने और सिया के रिश्ते के बीच का सबसे बड़ा रोड़ा समझता था। इसी वजह से इन दोनों ने मिलकर केतन की हत्या की पूरी साजिश रच डाली।

7 महीने में 2004 कॉल्स, हुडी पहनकर किया था पीछा

पुलिस के मुताबिक सिया ने केतन को घूमने के बहाने लोहगढ़ किला चलने के लिए राजी किया। योजना के मुताबिक चेतन भी उनके पीछे-पीछे किले तक पहुंच गया और उनसे करीब 20 से 30 फीट की दूरी बनाकर उनके पीछे चलने लगा। ट्रेकिंग रूट के सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा गया कि चेतन ने अपनी पहचान छिपाने के लिए एक हुडी पहन रखी थी और वह लगातार इस कपल को ट्रैक कर रहा था। लिस का आरोप है कि जैसे ही वे दोनों एक उपयुक्त और सुनसान जगह पर पहुंचे, सिया और चेतन ने मिलकर केतन को पीछे से गहरी खाई में धकेल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस को दोनों आरोपियों के बीच लगातार बातचीत के पुख्ता सबूत मिले हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पिछले सात महीनों के दौरान सिया और चेतन ने आपस में कुल 2004 फोन कॉल्स किए थे और दोनों ने फोन पर लगभग 238 घंटे बात की थी।

दोनों आरोपी भेजे गए 7 दिन की पुलिस कस्टडी में

इन पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने सिया गोयल और चेतन को हत्या और आपराधिक साजिश रचने के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 7 दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। फिलहाल जांचकर्ता सबूतों की कड़ियों को जोड़ने और केतन की मौत के समय के पूरे घटनाक्रम को रीकंस्ट्रक्ट करने में जुटे हैं।

पहले किया कत्ल फिर सोशल मीडिया पर डाला इमोशनल मैसेज… केतन अग्रवाल केस में वायरल हो रही मंगेतर सिया की पुरानी पोस्ट

पुणे के पास स्थित लोहागढ़ किले में युवा बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी। पहले ये मामला एक एक्सीडेंट माना गया था। इस घटना के कुछ देर बाद उनकी मंगेतर सिया गोयल ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर शोक व्यक्त किया था। वहीं पुलिस की जांच में जब ये मामला आगे बढ़ा तो हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, ये कोई हादसा नहीं था, बल्कि एक सुनियोजित हत्या का मामला था।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में सिया गोयल और उनके कथित साथी चेतन चौधरी की भूमिका सामने आने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं इसी बीच केतन अग्रवाल की मौत के बाद सोशल मीडिया पर शेयर किया गया सिया का एक पुराना पोस्ट अब फिर से चर्चा में है।

मौत के बाद मंगेतर ने शेयर की वीडियो

केतन की मौत के बाद शेयर की गई एक इंस्टाग्राम स्टोरी में सिया ने लिखा था, “तुम मेरे जन्मदिन के दिन ही मुझे छोड़कर चले गए। हमारी शादी होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही तुम हमेशा के लिए दूर हो गए। मुझे अब तक समझ नहीं आ रहा कि ऐसा क्यों हुआ। मेरे मन में कई सपने थे और कुछ ऐसे सवाल भी, जिनके जवाब शायद मुझे कभी नहीं मिल पाएंगे। जब मैं तुमसे इतना प्यार करती थी, तो तुम मुझे अकेला छोड़कर क्यों चले गए? भगवान तुम्हारी आत्मा को शांति दे।”

मंगेतर और उसके प्रेमी ने रची साजिश

ये मामला तब सुर्खियों में आया जब पुणे रुलर पुलिस ने जांच के आधार पर दावा किया कि 18 जून को हुई मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित अपराध था। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आए तथ्यों से संकेत मिले हैं कि सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच पहले से पहचान थी और दोनों पर केतन की मौत की साजिश रचने का आरोप है। बताया जा रहा है कि केतन अग्रवाल और सिया गोयल की इसी साल फरवरी में सगाई हुई थी और दोनों परिवार उनकी भव्य शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे।

2 बार फेल हुई योजना

पुलिस के अनुसार, केतन अग्रवाल और सिया गोयल पहली बार 31 मई को लोहागढ़ किले में ट्रेकिंग के लिए गए थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि इसी दौरान कथित तौर पर एक ऐसी योजना बनाई गई, जिसमें घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश की जा सकती थी। इसके बाद 14 जून को दोनों फिर किले पहुंचे, जहां उनके साथ चेतन चौधरी भी मौजूद था। पुलिस के मुताबिक, उस समय कथित योजना सफल नहीं हो सकी। जांच में यहे भी कहा गया है कि 18 जून को लोहागढ़ किले की एक और यात्रा के दौरान कथित तौर पर इस साजिश को अंजाम दिया गया।

केतन के पिता ने क्या कहा

केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने इस मामले पर रिएक्शन देते हुए कहा कि अगर सिया गोयल इस रिश्ते से खुश नहीं थीं, तो वह सीधे शादी से इनकार कर सकती थीं। उन्होंने कहा, “अगर वह शादी नहीं करना चाहती थीं, तो सिर्फ मना कर देतीं। हम तुरंत शादी रद्द कर देते। लेकिन इतना बड़ा कदम उठाने की जरूरत क्यों पड़ी? किसी 26 साल के युवक की जान लेना बेहद दर्दनाक और क्रूर बात है। समाज को ये समझने की जरूरत है कि ऐसी सोच आखिर पैदा कैसे होती है। यह परिवार, परवरिश और सामाजिक माहौल से जुड़े कई गंभीर सवाल खड़े करती है।”