Anil Kapoor: 39 साल बाद अनिल कपूर ने रीक्रिएट किया ‘मिस्टर इंडिया’ लुक, एक्टर ने बताया- चोर बाजार से खरीदी थी जैकेट

Anil Kapoor: मजेदार पहेलियां, दिल छू लेने वाली कहानियां और 39 साल पुराना अनिल कपूर का वही यादगार ‘मिस्टर इंडिया’ लुक! इस वीकेंड स्टार प्लस का ‘इंडिया के टॉप 1%’ उन असल जिंदगी के ‘मिस्टर इंडिया’ को सलाम करेगा, जो बिना किसी बदले की उम्मीद के देश और समाज की सेवा करते हैं।

‘मिस्टर इंडिया’ की थीम पर आधारित इस खास एपिसोड में शो की दिलचस्प पहेलियों और खेल के साथ ऐसे लोगों की कहानियां भी सामने आएंगी, जो दूसरों की मदद को अपना फर्ज मानते हैं। इस मौके को और खास बनाते हुए अनिल कपूर उसी कोट, शर्ट और पैंट में नजर आएंगे, जो उन्होंने इस यादगार फिल्म में पहनी थी। साथ ही वह अपनी जैकेट की खरीदारी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी सुनाएंगे।

अपने पुराने लुक को फिर अपनाने की खुशी साझा करते हुए अनिल कपूर कहते हैं- “शर्ट आज भी मुझे फिट आती है। पैंट भी फिट आती है और जैकेट भी। 39 साल बाद भी सब कुछ फिट है! टीम ने कहा कि काश हमें ‘मिस्टर इंडिया’ वाला कॉस्ट्यूम मिल जाता। मैंने फिर उन्हें बताया कि वह तो मैंने संभालकर रखा है!’”

इस खास एपिसोड के पीछे की सोच बताते हुए वह कहते हैं, “हम जो एपिसोड कर रहे हैं उसका समाज से गहरा जुड़ाव है। यही फिल्म का मूल विचार भी था। फिल्म देखने के बाद राज कपूर साहब ने भी इसी बात का जिक्र किया था कि इस फिल्म से हमें क्या सीख मिलती है? यही कि हर कोई ‘मिस्टर इंडिया’ बन सकता है। यह एपिसोड उन लोगों के लिए है, जो देश की सेवा करते हैं। वे बिना किसी बदले की उम्मीद के देश के लिए काम करते हैं, क्योंकि इसे अपना फर्ज मानते हैं। ऐसे ही लोगों के योगदान से हमारा देश बनता है।”

अपनी मशहूर जैकेट का किस्सा सुनाते हुए अनिल बताते हैं, “यह जैकेट मैंने चोर बाज़ार से खरीदी थी। इत्तेफाक से इन दिनों मेरे बाल भी लंबे हैं, जैसे ‘मिस्टर इंडिया’ में थे। तो आज बाल भी इस लुक के साथ खूब जंच रहे हैं!” देखिए ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर।

Ram Gopal Varma: ‘मैं मरे हुए लोगों के बारे में नहीं सोचता’, जानें श्रीदेवी की बर्थ एनिवर्सरी पर ऐसा क्यों बोले राम गोपाल वर्मा

राम गोपाल वर्मा ने धीरज यू. कुमार की लिखी श्रीदेवी की बायोग्राफी ‘द एम्प्रेस’ (The Empress) के बारे में अपनी राय दी है। इस किताब की घोषणा प्रियंका चोपड़ा ने श्रीदेवी के जन्मदिन पर की थी। ‘वैरायटी इंडिया’ से बात करते हुए वर्मा ने बताया कि उन्होंने इस किताब के लिए एक चैप्टर लिखा है। उन्होंने कहा कि उन्हें बताया गया है कि उनका चैप्टर ‘सबसे अच्छा’ है, लेकिन साथ ही यह भी जोड़ा, “हो सकता है कि वे हर उस व्यक्ति से यही कहते हों जिसने इसमें योगदान दिया है।”

श्रीदेवी की बायोग्राफी और उसके नाम के बारे में बात करते हुए फिल्ममेकर ने कहा, “मुझे नहीं पता था कि इसका नाम ‘एम्प्रेस’ है। क्या इसका नाम ‘एम्प्रेस’ है? ठीक है, शायद वह वैसी ही थीं। हालांकि, मैं ‘स्क्रीन क्वीन’ नाम को ज़्यादा पसंद करता, क्योंकि वह वैसी ही थीं। बाकी सभी तो उनके बाद आए।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने उनकी बर्थ एनिवर्सरी पर कुछ खास किया या उनकी फिल्में देखीं, तो वर्मा ने कहा, “नहीं! मैं मरे हुए लोगों के बारे में बिल्कुल नहीं सोचता। एक बार जब वे चले जाते हैं, तो वे मेरी ज़िंदगी से बाहर हो जाते हैं। मरे हुए लोगों के बारे में सोचने के बजाय मैं अपनी ज़िंदगी पर ध्यान देना पसंद करता हूं। मैं हर्षवर्धन राणे के साथ अपनी फिल्म ‘पुलिस कंपनी’ की शूटिंग में पूरी तरह बिज़ी हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने उनकी फिल्में देखी हैं और बताया, “उनके गुज़रे हुए कई साल हो गए हैं। आज भी, मैं यह समझ नहीं पाता कि उन्होंने स्क्रीन पर क्या किया था। जैसे, ‘मिस्टर इंडिया’ में चार्ली चैपलिन वाला सीन… ऐसी चीज़ के पीछे की कला को समझना नामुमकिन है। मैंने जितने भी एक्टर्स को डायरेक्ट किया है, उनमें वह सबसे जबरदस्त थीं।”

श्रीदेवी के बारे में बात करते हुए, उन्होंने एक्ट्रेस के साथ अपनी पहली मुलाकात को याद किया और कहा, “मैं उन्हें साइन करने के लिए चेन्नई में उनके घर गया था। मैं उनकी मां के साथ लिविंग रूम में बैठा था, जबकि श्रीदेवी फ़्लाइट पकड़ने के लिए पैकिंग कर रही थीं और बीच-बीच में कमरे में आ-जा रही थीं। जब भी वह कमरे में आती थीं, तो ऐसा लगता था जैसे ताज़ी, स्फूर्तिदायक हवा का झोंका आ गया हो। मैं चाहता हूँ कि वह फिर से धरती पर आएं। बस एक बार। ताकि दुनिया को पता चल सके कि वह सच में थीं।”

श्रीदेवी के बारे में

जानकारी के लिए बता दें कि श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी 2018 को दुबई, संयुक्त अरब अमीरात में 54 साल की उम्र में हुआ था। ‘मिस्टर इंडिया’, ‘चांदनी’ और ‘हिम्मतवाला’ जैसी फिल्मों में अपने किरदारों के लिए मशहूर इस एक्ट्रेस की मौत कार्डियक अरेस्ट (दिल का दौरा पड़ने) की वजह से हुई थी।

वह दुबई में अपने रिश्तेदार और एक्टर मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने गई थीं, तभी यह दुखद घटना हुई। उस समय की खबरों के मुताबिक, श्रीदेवी अपने होटल के कमरे में गिर पड़ी थीं। मेडिकल टीम ने उन्हें होश में लाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बाद में अस्पताल ले जाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।