बेटियों के पांव पखार सीएम योगी ने की मातृ शक्ति की आराधना

बेटियों के पांव पखार सीएम योगी ने की मातृ शक्ति की आराधना

मातृ शक्ति के प्रति अगाध श्रद्धा रखने और उनके सम्मान व स्वावलंबन के लिए अनेक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने वाले मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी तिथि पर गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुरूप कन्या पूजन किया। गोरखनाथ मंदिर में आयोजित इस अनुष्ठान में गोरक्षपीठाधीश्वर ने नौ दुर्गा स्वरूपा कन्याओं के पांव पखारे। उनका विधि विधान से पूजन किया, चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी और श्रद्धापूर्वक भोजन कराया। दक्षिणा व उपहार देकर उनका आशीर्वाद भी लिया। मुख्यमंत्री ने परंपरा का निर्वहन करते हुए बटुक पूजन भी किया।

पीतल की परात में पखारे पांव

गोरक्षपीठाधीश्वर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र के प्रथम तल स्थित भोजन कक्ष में पीतल की परात में जल से नौ नन्ही बालिकाओं के पांव धोए। श्रीदुर्गासप्तशती के मंत्रों की गूंज के बीच उनके माथे पर रोली, चंदन, दही, अक्षत आदि का तिलक लगाया। पुष्प और शक्तिपीठ की वेदी पर उगाए गए जौ के ज्वारे से उनका अभिषेक किया। माला पहनाकर, चुनरी ओढ़ाकर, उपहार एवं दक्षिणा प्रदान कर आशीर्वाद लिया। 

कन्याओं व बटुकों की उतारी आरती

सीएम योगी ने पूजन के बाद कन्याओं और बटुकों को मंदिर की रसोई में पकाया गया ताजा भोजन प्रसाद अपने हाथों से परोसा। नौ कन्याओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में पहुंची बालिकाओं और बटुकों का भी मुख्यमंत्री ने पूजन कर आरती उतारी। अन्न क्षेत्र के प्रथम तल के साथ ही भूतल पर भी कन्या भोज की व्यवस्था की गई थी। भोज में सभी कन्याओं और बटुकों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा दी गई।

स्नेह व सत्कार का संगम

बच्चों से विशेष लगाव रखने वाले मुख्यमंत्री का प्यार-दुलार पाने के लिए नन्ही बालिकाओं व बटुकों की आतुरता देखते ही बन रही थी। सत्कार और स्नेह के भाव से मुख्यमंत्री ने एक-एक कर नौ कन्याओं व बटुक भैरव के पांव पखारे और पूजन किया। इसके बाद कन्याओं व बटुकों को स्वयं अपने हाथों से भोजन परोसते समय सीएम योगी निरंतर उनसे आत्मीय संवाद भी करते रहे। यह भी ख्याल रखते रहे कि किसी भी कन्या या बटुक की थाली में प्रसाद की कोई कमी न रहे। इसे लेकर वह मंदिर की व्यवस्था से जुड़े लोगों को भी निर्देशित करते रहे। 

 

कन्या पूजन के दौरान गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास सहित कई साधु-संत उपस्थित रहे। सीएम योगी ने कन्या पूजन से पूर्व सोमवार प्रातःकाल के पूजन सत्र में मंदिर के शक्तिपीठ में मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से आराधना भी की।

Shardiya Navratri 2026: शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी और महानवमी कब है? ज्योतिषाचार्य से जानें तारीख, मुहूर्त औ नवरात्रि व्रत पारण का समय

Shardiya Navratri 2026: शारदीय नवरात्रि का पर्व अब अपने समापन की ओर आ गया है। इस पर्व में महाअष्टमी और महानवमी तिथि का विशेष महत्व है। नवरात्रि में पूरे नौ दिन व्रत करने वाले भक्त इस दिन छोटी कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा करते हैं, जिसे कन्या पूजन या कंजक पूजन कहा जाता है। लेकिन इस साल शारदीय नवरात्रि में महाअष्टमी और महानवमी तिथि की तारीख को लेकर असमंजस की स्थिति बन रही है कि यह दोनों अहम पर्व किस तारीख को मनाए जाएंगे?

श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं ज्योतिषाचार्य महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि पंचांग के अनुसार, आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि 18 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 8 बजकर 29 मिनट पर प्रारंभ होगी तथा 19 अक्टूबर को प्रातः 10 बजकर 52 मिनट पर समाप्त होगी।

इसी तरह, शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि 19 अक्टूबर, 2026 को प्रातः 10 बजकर 53 मिनट पर प्रारंभ होकर 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 51 मिनट पर समाप्त होगी। सूर्योदय व्यापिनी अष्टमी 19 अक्टूबर को तथा सूर्योदय व्यापिनी नवमी 20 अक्टूबर को है।

अष्टमी और नवमी का व्रत और कन्या पूजन कब?

महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि जो श्रद्धालु अष्टमी के दिन व्रत, पूजन, साख विसर्जन एवं कन्या पूजन करना चाहते हैं, वे 19 अक्टूबर, सोमवार को ये धार्मिक कार्य कर सकते हैं। वहीं, नवमी के दिन व्रत, पूजन, साख विसर्जन एवं कन्या पूजन करने वाले श्रद्धालु 20 अक्टूबर, मंगलवार को ये अनुष्ठान कर सकते हैं।

विजयदशमी का पर्व 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा। शस्त्र पूजन का समय 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 52 मिनट के बाद करना शुभ होगा।

कन्या पूजन का धार्मिक महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, 3 से 9 वर्ष तक की कन्याओं को मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का प्रतीक माना जाता है। कन्या पूजन को नवरात्रि के अनुष्ठान का महत्वपूर्ण अंग माना गया है। इस दिन श्रद्धालु कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन कराते हैं और भेंट देकर विदा करते हैं। नौ कन्याओं के साथ एक बालक को भी भोजन कराने की परंपरा है। इस अवसर पर उन्हें खीर, पूड़ी, हलवा और काले चने का भोग लगाया जाता है।

कन्याओं से इन मंत्रों द्वारा करें प्रार्थना

मंत्र 1

मन्त्राक्षरमयीं लक्ष्मीं मातृणां रूपधारिणीम्।

नवदुर्गात्मिकां साक्षात् कन्यामावाहयाम्यहम्॥

मंत्र 2

जगत्पूज्ये जगद्वन्द्ये सर्वशक्तिस्वरूपिणि।

पूजां गृहाण कौमारि जगन्मातर्नमोऽस्तु ते॥

कन्या पूजन के नौ मंत्र

  • ॐ कुमार्यै नमः।
  • ॐ त्रिमूर्त्यै नमः।
  • ॐ कल्याण्यै नमः।
  • ॐ रोहिण्यै नमः।
  • ॐ कालिकायै नमः।
  • ॐ चण्डिकायै नमः।
  • ॐ शाम्भव्यै नमः।
  • ॐ दुर्गायै नमः।
  • ॐ सुभद्रायै नमः।

नवरात्रि व्रत का पारण

कन्या पूजन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद नवरात्रि व्रत का पारण किया जाता है। व्रत खोलने की इस प्रक्रिया को व्रत पारण कहा जाता है। श्रद्धालुओं को अपनी पारिवारिक परंपरा, धार्मिक मान्यताओं तथा पंचांग के अनुसार उचित समय पर व्रत का पारण करना चाहिए।

UPESSC PRT Recruitment 2026: प्राइमरी टीचर भर्ती के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी, जानें 12,405 पदों के लिए कब तक कर सकते हैं अप्लाई