Javed Akhtar: ‘बेनजीर से शादी कर चमकने वाले लोग’, जरदारी का बयान सुन भड़के जावेद अख्तर

Javed Akhtar: पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की देश के हिंदू अल्पसंख्यकों के बारे में की गई टिप्पणी पर लेखक जावेद अख्तर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने X पर एक पोस्ट में पाकिस्तानी नेता पर “संवेदनहीन” होने का आरोप लगाया।

यह मामला तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आसिफ अली जरदारी के भाषण का एक वीडियो सामने आया। देश की हिंदू आबादी के बारे में बात करते हुए, आसिफ अली जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान और वहां की मुस्लिम बहुल आबादी 3-4 प्रतिशत हिंदू आबादी को “बर्दाश्त” करती है।

वीडियो में आसिफ अली जरदारी ने “अखंड भारत” पर भारत के रुख का जिक्र करते हुए कहा, “भारतीयों का नजरिया अलग है। उनके मन में अपना एजेंडा है। वे अखंड भारत में यकीन रखते हैं। लेकिन इसके बीच बहुत सी ऐसी बातें हैं, जिन्हें वे भूल गए हैं।”

उन्होंने कहा, “हम मुसलमान हैं। वे नहीं हैं। लेकिन हमारी सोच ऐसी है कि हम पाकिस्तान में 3-4 प्रतिशत हिंदू आबादी को बर्दाश्त करते हैं।” आसिफ अली जरदारी ने आगे दावा किया कि पाकिस्तान में हिंदू “उतने ही आजाद और अच्छी स्थिति में हैं, जितने वे कहीं और हो सकते थे” और कहा कि वे “उनके साथ रहने के बजाय हमारे साथ रहना पसंद करेंगे।”

इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए, जावेद अख्तर ने पाकिस्तानी राष्ट्रपति की “मिस्टर 10 परसेंट” वाली छवि पर तंज कसा। यह उपनाम उन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़ा है। जावेद अख्तर ने X पर लिखा, “पाकिस्तान के मिस्टर जरदारी – जो बेनजीर भुट्टो से शादी के बाद चर्चा में आए थे – कहते हैं कि वे अपने देश में 3-4 प्रतिशत हिंदू आबादी को बर्दाश्त करते हैं। मिस्टर जरदारी, मैं समझता हूं कि आप हमेशा से ही उन सभी के प्रति असंवेदनशील रहे हैं, जिनकी आबादी 10 प्रतिशत से कम है।”

यह इशारा “मिस्टर 10 परसेंट” वाले उपनाम की ओर था, जो लंबे समय से आसिफ अली जरदारी के साथ जुड़ा हुआ है। यह नाम उन पर सरकारी ठेकों से कमीशन लेने के आरोपों के कारण पड़ा था। यह पहली बार नहीं है, जब जावेद अख्तर ने पाकिस्तान की नीतियों और भारत के प्रति उसके रवैये पर खुलकर बात की है।

पिछले साल मई में, मुंबई में एक किताब के लॉन्च के दौरान, उन्होंने सीमा पार आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान की आलोचना की थी और कहा था कि भारत ने रिश्ते सुधारने की कोशिशें की हैं, जिसमें पाकिस्तानी कलाकारों के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान के रास्ते खोलना भी शामिल है। आसिफ अली जरदारी अभी पाकिस्तान के राष्ट्रपति हैं। उन्होंने 10 मार्च, 2024 को देश के 14वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली थी।

Javed Akhtar: ‘काश तुम्हारा छोटा दिमाग ये समझ पाता…’, जावेद अख्तर ने इस्लामोफोबिक कमेंट करने वाले ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब

Javed Akhtar: दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर अपनी राय खुलकर व्यक्त करने से कभी नहीं कतराते। हाल ही में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के खिलाफ की गई टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी। जब एक सोशल मीडिया यूजर ने उनके धर्म पर कमेंट किया, तो अख्तर ने पलटवार करते हुए कहा कि वह नास्तिक हैं।

जावेद अख्तर की ट्रंप विरोधी पोस्ट पर एक प्रशंसक ने कमेंट करते हुए कहा, “सर, आपकी कौम के भी झूठ के लिए एक शेर है मेरे पास… ‘जानते हैं हम जन्नत के हूरों की हकीकत, दिल के बहलाने के लिए ये ख्याल भी अच्छा है’। इसके जवाब में अख्तर ने कहा कि अगर आपका छोटा और कमज़ोर दिमाग़ यह बात समझ सकता है कि मैं एक नास्तिक हूं। तो मुझे मेरी ‘क़ौम’ के बारे में मत बताइए। मेरी ‘क़ौम’ सभी भारतीय हैं, जिसमें आप भी शामिल हैं।

जावेद अख्तर ने मेलोनी के बारे में ट्रंप की अपमानजनक टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा, “ट्रंप, जो हर दिन झूठ बोलने के लिए जाने जाते हैं, ने अपनी कभी न खत्म होने वाली झूठों की लिस्ट में एक और झूठ जोड़ दिया। उनका कहना है कि मेलोनी ने फोटो खिंचवाने के लिए उनसे ‘मिन्नत’ की थी।

सबसे पहली बात, एक आत्मविश्वासी, हाई-प्रोफाइल, लोकप्रिय और सशक्त महिला—जो इटली जैसे महान देश की प्रधानमंत्री हैं, जिसने मिस्टर ट्रंप के देश को संस्कृति, कला, आर्किटेक्चर और बेहतरीन सिनेमा के बारे में इतना कुछ सिखाया है—वह दुनिया के सबसे अलोकप्रिय व्यक्ति के साथ फोटो खिंचवाने के लिए क्यों मिन्नत करेगी? सिर्फ़ बहस के लिए मान भी लें कि ऐसा हुआ था, तो सोचिए कि कितना सस्ता, अभद्र और असभ्य व्यक्ति प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐसा दावा करेगा।”

जावेद अख्तर भारतीय सिनेमा के सबसे मशहूर लेखकों और गीतकारों में से एक हैं। उन्होंने ‘सिलसिला’, ‘दिल चाहता है’, ‘लगान’, ‘कल हो ना हो’, ‘जब तक है जान’ और कई अन्य फिल्मों के यादगार गानों के लिए गीत लिखे हैं। अपने करियर के दौरान, जावेद अख्तर को कई सम्मान मिले हैं, जिनमें उनके गीतों के लिए कई नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स और फिल्मफेयर अवॉर्ड्स शामिल हैं। उन्हें भारतीय सिनेमा और साहित्य में उनके योगदान के लिए पद्म श्री और पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया था।