Market news : हमारे बाजारों के लिए आज अच्छे संकेत हैं। गिफ्ट निफ्टी 80 अंक ऊपर कारोबार कर रहा है। कच्चे तेल और बॉन्ड यील्ड में हल्की नरमी से सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। FIIs की कैश में खरीदारी जारी है। शुक्रवार को इन्होंने करीब 6000 करोड़ की खरीदारी की। यहां हम आपके लिए तमाम समाचार प्लेटफॉर्मों पर चल रही आज की ऐसी अहम खबरों की एक सूची जारी कर रहें हैं जो भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों को प्रभावित कर सकते हैं।
मार्केट ओवरव्यू
13 नवंबर को भारतीय बेंचमार्क सूचकांकों की लगातार तीन सत्रों की तेजी का सिलसिला टूट गया और वे गिरावट के साथ बंद हुए। सभी सेक्टरों में भारी बिकवाली के चलते निफ्टी 25,200 के स्तर से नीचे फिसल गया। ग्लोबल बाजार से मिले-जुले संकेतों के बीच, घरेलू बाजार गिरावट के साथ खुले और पूरे सत्र के दौरान ज्यादातर समय निगेटिव दायरे में रहे। इस दौरान निफ्टी 25,054.40 के निचले स्तर तक आ गया था। हालांकि, निचले स्तरों पर खरीदारी होने से इंडेक्सों को कुछ हद तक संभलने में मदद मिली और वे दिन के नुकसान की भरपाई करते हुए बंद हुए। करोबार के अंत में सेंसेक्स 318.56 अंक या 0.39 प्रतिशत गिरकर 81,592.45 पर और निफ्टी 155.05 अंक या 0.61 प्रतिशत गिरकर 25,144.30 पर बंद हुआ।
अमेरिकी बाजार मिले-जुले, एशिया में दबाव
US में चिप शेयरों में दबाव के चलते एशिया में दबाव है। कॉस्पी 3% तो निक्केई 1% नीचे है। इधर शुक्रवार को अमेरिकी बाजारों में निचले स्तरों से रिकवरी दिखी थी। डाओ जोंस तो हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहा, लेकिन चिप शेयरों में बिकवाली के चलते नैस्डैक करीब एक परसेंट फिसला।
एशियाई मुद्राओं में बढ़त
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले एशियाई करेंसीज की चाल मिली-जुली है। इसमें इंडोनेशियाई रुपया सबसे आगे है जो 0.18 प्रतिशत मजबूत हुआ है। इसके बाद मलेशियाई रिंगित में 0.06 प्रतिशत और थाई बाहत में 0.04 प्रतिशत की मजबूती है। दक्षिण कोरियाई वॉन और सिंगापुर डॉलर में भी 0.03 प्रतिशत और 0.06 प्रतिशत की मामूली बढ़त है।
दूसरी ओर ताइवानी डॉलर में सबसे ज्यादा 0.12 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसके बाद फिलीपीन पेसो में 0.08 प्रतिशत और सिंगापुर डॉलर में 0.06 प्रतिशत की गिरावट है। जापानी येन और चीनी रेनमिनबी में भी 0.06 प्रतिशत और 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट आई है।
विदेशी निवेशकों का रुख
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने लगातार चौथे सत्र में भी अपनी खरीदारी जारी रखी और 13 नवंबर को 5,736 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने लगातार 11वें सत्र में भी बिकवाली जारी रखी और 2,253 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
वेस्ट एशिया तनाव बढ़ने के संकेत
वेस्ट एशिया तनाव बढ़ने के संकेत हैं। US के बहरीन बेस पर ईरान का ड्रोन अटैक हुए हैं। हॉर्मूज में भी बारूदी सुरंगों से 2 ऑयल टैंकर टकराए हैं। 48 घंटे में 5 जहाजों में आग लगी है। 19 नवंबर को ट्रंप, पुतिन, जिनपिंग की मीटिंग में ईरान युद्ध पर चर्चा संभव है।
टाटा मोटर्स PV को `5531Cr का का घाटा
टाटा मोटर्स PV को Q2 में 5500 करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। 6700 करोड़ के वन-टाइम खर्च और JLR रीस्ट्रक्चरिंग का असर दिखा है। रेवेन्यू 34% बढ़ा है। ग्लोबल चैलेंज के चलते JLR का FY27 मार्जिन गाइडेंस 4 परसेंट से घटाकर 2-3 परसेंट किया गया है।
आयशर मोटर्स का मुनाफा 15% बढ़ा,अशोक लेलैंड की आय 35% उछली
दूसरी तिमाही में आयशर मोटर्स के नतीजे अनुमान से फीके रहे हैं। कंपनी के मुनाफे में 15 और रेवेन्यू में 20 परसेंट ग्रोथ रही है। लेकिन मार्जिन पर दबाव दिखा है। उधर अशोक लेलैंड की आय 35% उछली है। लेकिन मार्जिन पर दबाव रहा है।
KAYNES TECH के Q2 नतीजे कमजोर, ABB का मुनाफा और रेवेन्यू बढ़ा
Kaynes Tech के Q2 नतीजे अनुमान से कमजोर रहे हैं। कंपनी के मुनाफे में 62 परसेंट की कमी रही है। मार्जिन में भी 3 परसेंट से ज्यादा गिरावट दिखी है। उधर ABB India का स्टैंडअलोन मुनाफा 8 परसेंट तो रेवेन्यू 19 परसेंट बढ़ा है। हालांकि मार्जिन पर हल्का दबाव रहा है।
विक्रम सोलर के नतीजे बेहद खराब, आइनॉक्स विंड का मुनाफा और मार्जिन दोनों घटा
दूसरी तिमाही में विक्रम सोलार के नतीजे बेहद खराब रहे हैं। इसके मुनाफे में 95% की भारी गिरावट आई है। मार्जिन भी 23 परसेंट से गिरकर 9 परसेंट पर आए हैं। इधर INOX विंड का भी मुनाफा 36% गिरा है। मार्जिन भी 5 परसेंट लुढ़के हैं।
US बॉन्ड यील्ड
10-ईयर ट्रेजरी पर यील्ड 5.14% पर लगभग सपाट है। जबकि 2-ईयर ट्रेजरी बॉन्ड 2 बेसिस पॉइंट बढ़कर 4.86% पर पहुंच गई है।
डॉलर इंडेक्स
फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के सख्त बयानों और अक्टूबर की महंगाई दर बढ़ने की खबर के बाद अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर मजबूत हुआ है। इससे इस बात की संभावना फिर से बढ़ गई है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक को महंगाई को नियंत्रित करने के लिए कड़े कदम उठाने पड़ सकते हैं। फिलहाल डॉलर इंडेक्स 103.44 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। यह अप्रैल 2025 के बाद का इसका उच्चतम स्तर है।

