कांग्रेस को कितनी सीट देंगे अखिलेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहली बार आधिकारिक रूप से माना है कि कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में 181 सीटों पर लड़ना चाहती है। इससे पहले कांग्रेस के नेता यह दावा कर रहे थे। लेकिन शनिवार को सपा प्रमुख ने एक मीडिया समूह के कार्यक्रम में एक सवाल के जवाब में यह आंकड़ा बताया। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वे कांग्रेस को कितनी सीटें देना चाहते हैं। पहले खबर आई थी कि अखिलेश यादव की ओर से कांग्रेस को अपने उम्मीदवारों की सूची देने को कहा गया था। यह भी कहा जा रहा था कि सपा एक सौ से कम सीटें देना चाहती है। दो फॉर्मूलों की लगातार चर्चा हो रही थी। एक फॉर्मूला यह है कि 80 लोकसभा सीटों के हिसाब से कांग्रेस को 80 सीटें दी जाएं। दूसरा फॉर्मूला यह है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 17 सीटों पर लड़ी थी और हर लोकसभा में पांच विधानसभा सीटें हैं। तो इस हिसाब से उसे 85 सीटें दी जाएं।

लेकिन कांग्रेस एक सौ से कम सीट पर राजी नहीं है। हालांकि यह भी सही है कि कांग्रेस ने 181 सीट की मांग दबाव बनाने के लिए दी है। उसको पता है कि इतनी सीटें सपा नहीं दे सकती है। आखिर लोकसभा चुनाव में भी सारी लहर के बावजूद कांग्रेस का प्रदर्शन औसत से खराब रहा था। 63 सीटों पर लड़ कर सपा 37 जीती थी, जबकि 17 सीटों पर लड़ कर कांग्रेस सिर्फ छह जीत पाई। इसलिए अखिलेश को पता है कि कांग्रेस को ज्यादा सीट देने का मतलब है कि चुनाव जीतने की संभावना कम करना। कांग्रेस भी यह जानती है कि उसके पास न संगठन है और न उम्मीदवार। फिर भी उसकी उम्मीदें ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन ने बढ़ा दी है। इससे कांग्रेस को लग रहा है कि मुस्लिम और दलित वोट की चिंता में अखिलेश को कांग्रेस के लिए ज्यादा सीट छोड़नी पड़ेगी। कांग्रेस एक सौ के करीब सीट पर लड़ने को मान जाएगी बशर्ते उसे सपा के मजबूत असर वाले इलाकों में जीत सकने वाली सीटें भी मिलें।