सिवनी पुलिस कांड पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सख्त, ASP-SDOP समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित

सिवनी पुलिस कांड पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सख्त, ASP-SDOP समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी के वायरल वीडियो मामले में संज्ञान लिया। उन्होंने मामले की जानकारी लगते ही एएसपी, एसडीओपी सहित 6 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। 

 

बता दें, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्पष्ट कहा है कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस बल में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने वाले प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी से जिम्मेदारी, मर्यादा और अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपेक्षा है। कदाचार के प्रति राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

वायरल वीडियो ने खड़े किए थे गंभीर सवाल- दरअसल, सिवनी जिले के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी एक प्रेमी जोड़े के साथ बदसलूकी करने के साथ लड़के के बैग में गांजा रखने की धमकी देते हुए दिखाई दे रहे है।

पूरा मामला 13 नवंबर का बताया जा रहा है।होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड इस वीडियो में पुलिसकर्मी एक बालिग युवक और युवती को डराते-धमकाते और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई और सुनाई दे रहे हैं।वीडियो में युवती की रोती हुई आवाज भी सुनाई देती है। वीडियो में पुलिसकर्मी होटल में ठहरे युवक-युवती से उनके परिजनों को बुलाने और घर पर फोन करने के लिए कहते नजर आते हैं। युवक और युवती खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से होटल में ठहरने की बात कहते हैं। युवती यह भी कहती सुनाई देती है कि वे दोनों एक-दूसरे को जानते हैं और शादी करना चाहते हैं।वीडियो में एएसपी दीपक मिश्रा एक पुलिस कर्मी से युवक की बैग में गांजा रखने की बात कहते नजर आते है।