
अमेरिका की शिकागो यूनिवर्सिटी में छात्रों के साथ बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि भारत का आकार और दुनिया की बड़ी शक्तियों के साथ उसके संबंधों को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय मामलों में उसकी भूमिका कहीं अधिक महत्वपूर्ण होनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान के एक प्रतिभागी ने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या भारत और पाकिस्तान आपसी आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर मिलकर काम कर सकते हैं? इस पर राहुल गांधी ने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत की संभावना है, लेकिन इसके लिए पाकिस्तान को भारत में आतंकवाद को समर्थन देना बंद करना होगा।
उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह स्वीकार करना असंभव है कि हमारे निर्दोष लोगों की हत्या की जाए और इसके बाद हम पाकिस्तान के साथ बातचीत करें। इसलिए, जिस दिन यह सब रुक जाएगा, बातचीत की शुरुआत हो सकती है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक मामलों में भारत की भूमिका कमजोर हुई है और देश एक ‘साइड प्लेयर’ बनकर रह गया है। वहीं, पाकिस्तान अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता कराने में भूमिका निभा रहा है। राहुल गांधी ने आजादी के बाद भारत की ओर से गुटनिरपेक्ष आंदोलन (Non-Aligned Movement) का नेतृत्व किए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस दौर में भारत को वैश्विक स्तर पर एक विशेष पहचान और प्रतिष्ठा मिली थी। वह चाहते हैं कि भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर फिर से अपनी वही आवाज और प्रभाव हासिल करे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति के दृष्टिकोण पर भी सवाल उठाए। राहुल गांधी के मुताबिक, मोदी सरकार की विदेश नीति वैश्विक नेताओं के साथ व्यक्तिगत संबंधों पर अधिक केंद्रित रही है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ प्रधानमंत्री के संबंधों का संदर्भ दिया।
ALSO READ: EPFO : पीएफ के नियम में बड़ा बदलाव, अब 55 की उम्र से पहले 2 महीने में खाते से निकाल सकेंगे 90% पैसा
शिकागो यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के संचालन में हुई बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि दोस्ती यहां मुद्दा नहीं है। दोस्ती की किसे परवाह है? क्या आपको लगता है कि भू-राजनीति इस आधार पर काम करेगी कि कोई व्यक्ति आपका दोस्त है?” उन्होंने कहा कि दुनिया के नेता बड़े आर्थिक और राजनीतिक ढांचे के भीतर काम करते हैं। उनके फैसले केवल व्यक्तिगत संबंधों के आधार पर नहीं होते।
ALSO READ: PUC Certificate New Rules 2026 : बार-बार नहीं बनवाना होगा पीयूसी सर्टिफिकेट, जान लें नया नियम
राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि उन्हें नेताओं की आपसी दोस्ती से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय राजनीति की वास्तविकताओं और दुनिया में भारत की स्थिति को समझना ज्यादा जरूरी है।


