PB Fintech Share Price: Policybazaar लाल, Q2 रिजल्ट के बाद शेयरों पर ब्रोकरेजेज का मिला-जुला रुझान

PB Fintech Share Price: पॉलिसीबाजार (Policybazaar) की पैरेंट कंपनी पीबी फिनटेक के शेयर सितंबर तिमाही के कारोबारी नतीजे के बाद एनालिस्ट्स के मिले-जुले रुझान पर आज टूट गए। एक तरफ एचएसबीसी ने इसे होल्ड रेटिंग दी है तो नोमुरा ने न्यूट्रल और बर्न्स्टीन ने आउटपरफॉर्म रेटिंग। शेयरों की बात करें तो फिलहाल बीएसई पर यह 1.50% की गिरावट के साथ ₹985.00 पर है। इंट्रा-डे में यह 1.73% टूटकर ₹982.70 तक आ गया था।

Policybazaar की PB Fintech पर क्या है ब्रोकरेजेज का रुझान

HSBC

ब्रोकरेज फर्म एचएसबीसी ने पीबी फिनटेक को ₹1100 के टारगेट प्राइस पर होल्ड रेटिंग दी है। एचएसबीसी का कहना है कि ऑपरेटिंग कॉस्ट में उछाल के चलते कंपनी के लिए सितंबर तिमाही उम्मीद से कमजोर रही। हालांकि नए ग्राहक जोड़ने की रफ्तार और बिजनेस ग्रोथ हेल्दी रही। एचएसबीसी के मुताबिक मौजूदा अनिश्चितता के कारण कंपनी का शेयर एक ही दायरे में बना रह सकता है और अब नियमों और रणनीतिक पहलों को लेकर स्पष्टता आने से यह दबाव दूर हो सकता है। बीमा नियामक इरडा ने बढ़ती लागत को कम करने और पॉलिसीहोल्डर्स के हितों की रक्षा के लिए इंश्योरेंस डिस्ट्रीब्यूशन और कमीशन के नियमों में बदलाव का प्रस्ताव दिया है। ब्रोकरेज फर्म ने वित्त वर्ष 2027-29 के लिए EPS (प्रति शेयर कमाई) के अनुमान में 2-4% की कटौती की है।

Nomura

ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने ₹1100 के टारगेट प्राइस के साथ पीबी फिनटेक को न्यूट्रल रेटिंग दी है। नोमुरा के मुताबिक सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट अनुमान से 13% अधिक रहा। इसके अलावा सितंबर तिमाही में कंपनी का EBITDA मार्जिन 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़कर 9.92% पर पहुंच गया, जबकि बर्न्स्टीन का अनुमान 9% था। नोमुरा के मुताबिक वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में प्रीमियम ग्रोथ सालाना आधार पर 31% रही, जोकि कंपनी के पूरे वित्त वर्ष 2027 के लिए 25% प्रीमियम ग्रोथ के अनुमान से बेहतर है। नोमुरा का कहना है कि पॉलिसीबाजार और अन्य इंश्योरेंस प्लेटफॉर्म्स की ग्रोथ काफी मजबूत बनी हुई है। कंपनी ने 1,000 दिनों के भीतर अपने बिजनेस को और विकसित करने का लक्ष्य रखा है।

Bernstein

ब्रोकरेज फर्म बर्न्स्टीन ने ₹1085 के टारगेट प्राइस के साथ पीबी फिनटेक को आउटपरफॉर्म रेटिंग दी है। बर्न्स्टीन के अनुसार पीबी फिनटेक के दूसरी तिमाही के नतीजे ठीक-ठाक रहे, लेकिन असल मायने में रेगुलेशन का असर और उससे निपटने के तरीके अधिक अहम हैं। बर्न्स्टीन ने अपनी रिपोर्ट में इस बात का जिक्र किया है कि कंपनी ने 1,000 दिनों का एक एजेंडा तैयार किया है, जिसमें नॉन-इंश्योरेंस रेवेन्यू के मौके तलाशने, एंसिलिरी सर्विसेज से कमाई और खर्चों पर नियंत्रण करने पर फोकस करने की बात कही गई है। बर्न्स्टीन के मुताबिक कंपनी खुद एक बीमा कंपनी बनने की संभावनाओं पर विचार कर रहा है।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल

पॉलिसीबाजार के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ा शॉक दिया है। पिछले साल 9 दिसंबर 2025 को बीएसई पर यह ₹1,963.00 पर था, जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से 10 ही महीने में यह 51.86% टूटकर 5 अक्टूबर 2026 को ₹945.00 पर आ गया, जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचले स्तर है। अब आगे की बात करें तो इसे कवर करने वाले 25 एनालिस्ट्स में से 15 ने खरीदारी की रेटिंग दी है तो 6 ने होल्ड और 4 ने सेल रेटिंग दी है। इसके शेयरों की स्टॉक मार्केट में 15 नवंबर 2021 को एंट्री हुई थी और आईपीओ निवेशकों को यह ₹980 के भाव पर जारी हुआ था।

EAAA India Alternatives IPO Listing: 5 गुना सब्सक्रिप्शन के बाद 1% से कम लिस्टिंग गेन, शेयरों की सुस्त शुरुआत

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।