
भोपाल। अवैध और जहरीली शराब से मौत मामले में चर्चित देवास में शराब माफियाओं ने टीआई को ट्रक से रौंद कर मौत के घाट उतरा दिया। देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक के नीचे आने से दर्दनाक मौत हो गई। टीआई देर रात अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे तभी अवैध शराब से भरे वाहन को रोकने की कार्रवाई के दौरान ड्राइवर ने टीआई पर पर वाहन चढ़ा दिया। ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में करीब दो घंटे तक उपचार और सीपीआर देने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
दरअसरल रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक आयशर वाहन में अवैध शराब भरकर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर खातेगांव टीआई दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे और नेमावर रोड क्षेत्र में कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। इस तस्करी वाले वाहन का पीछा नेमावर पुलिस भी कर रही थी। पुलिस ने संदिग्ध वाहन को घेर लिया था। टीआई दिलीप पुरी चालक को नीचे उतरने के लिए कहने वाहन के पास पहुंचे। इसी दौरान चालक ने वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर वहां से भागने की कोशिश की। इस दौरान वाहन का पिछला पहिया टीआई पुरी के ऊपर से गुजर गया। वे गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने काफी प्रयास किए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला और बताया जा रहा है कि संदलपुर क्षेत्र में वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है। मामले में चालक की गिरफ्तारी और अवैध शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
कांग्रेस ने सरकार को घेरा- खातेगांव टीआई की हत्या के मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि मप्र में माफियाओं का राज चल रहा है, प्रदेश में लोकतंत्र सरकार नहीं माफिया सरकार है।देवास के खातेगांव में शराब माफियाओं द्वारा टीआई दिलीप पुरी जी को ट्रक से कुचलकर मार डालना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर करारा तमाचा है, उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि एवं शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं। मध्यप्रदेश में अब माफिया सरकार चला रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है ।
जब कानून के रक्षक ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता की सुरक्षा कौन करेगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव जी जवाब दें, प्रदेश में सरकार है या माफियाराज ?


