पेटीएम की पेरेंट कंपनी One97 Communications के शेयरों में 19 नवंबर को बिकवाली का जबरदस्त दबाव है। शेयर दिन में पिछले बंद भाव से करीब 12 प्रतिशत तक टूटा। BSE पर कीमत 1664.70 रुपये के लो तक गई। इसकी वजह UPI लेनदेन पर MDR लागू होने में और देरी हो सकने की आशंका है। इसके चलते फिनटेक फर्म्स के शेयरों में तगड़ा सेलिंग प्रेशर है।
फाइनेंशियल एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में इंडस्ट्री के सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि 2,000 रुपये से अधिक के UPI लेनदेन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू होने में और देरी हो सकती है। दरअसल 2027 में 5 राज्यों- उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने हैं। MDR लागू करने पर सरकार को व्यापारियों और व्यापार संघों की ओर से विरोध की चिंता है।
वैसे तो तैयारी पूरी है लेकिन सरकार, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) अभी तक इसे लागू करने की तारीख पर सहमत नहीं हो पाए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, अगर समय रहते कोई सहमति नहीं बनी, तो इसे लागू करने का काम उत्तर प्रदेश चुनावों के बाद तक टाला जा सकता है। लेकिन जरूरी नहीं है कि ऐसा हो ही।
पहले भी टल चुका है MDR इंप्लीमेंटेशन
पहले सरकार ने 15 अक्टूबर 2026 से मर्चेंट्स के लिए 2,000 रुपये से अधिक के UPI (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत MDR लागू करने की योजना बनाई थी। लेकिन फिर UPI एंड सर्विसेज स्टीयरिंग कमेटी ने त्योहारी सीजन और ऑपरेशनल चुनौतियों का हवाला देते हुए इसे दिवाली के बाद तक टालने का फैसला किया। सितंबर में हुई घोषणा के तहत, मर्चेंट्स के लिए 2,000 रुपये से अधिक के UPI लेनदेन पर MDR लागू होने वाला है। छोटे पेमेंट्स पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। दो व्यक्तियों के बीच भी लेनदेन फ्री रहेगा। छोटे व्यापारियों के लिए शून्य-MDR फ्रेमवर्क के अंतर्गत आने वाले लेन-देन भी निःशुल्क रहेंगे। कुछ ट्रांजेक्शंस के लिए MDR की मैक्सिमम लिमिट भी तय की गई है।
पाइन लैब्स, टर्टलमिंट, मोबिक्विक के शेयर भी फिसले
पेटीएम के अलावा गुरुवार को दूसरी फिनटेक फर्म्स के शेयरों में भी तगड़ी गिरावट है। दिन में BSE पर पाइन लैब्स का शेयर पिछले बंद भाव से 6 प्रतिशत तक और वन मोबिक्विक सिस्टम्स का शेयर 8 प्रतिशत से ज्यादा लुढ़का। टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशंस के शेयर में 5 प्रतिशत गिरावट के साथ लोअर सर्किट लगा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

