खाना नहीं मिलने पर Indore में हिंसक हो रहे कुत्‍ते, साढ़े 3 हजार लोगों पर हमला, प्रशासन क्‍यों नहीं करता व्‍यवस्‍था?

खाना नहीं मिलने पर Indore में हिंसक हो रहे कुत्‍ते, साढ़े 3 हजार लोगों पर हमला, प्रशासन क्‍यों नहीं करता व्‍यवस्‍था?

Dogs

इंदौर में कुत्‍तों के काटने के मामले लगातार बढते जा रहे है, जानकारी सामने आई है कि एक महीने में कुल 4178 लोग जानवरों के हमले का शिकार हुए हैं, इनमें 3 हजार 754 मामले तो सिर्फ कुत्तों के काटने के हैं, इनमें 759 बच्चे भी शामिल हैं।

बता दें कि सफाई में लगातार अव्‍वल आने की वजह से अब कुत्‍तों को शहर में खाना नहीं मिल पा रहा है। कुत्‍ते भोजन की तलाश में यहां- वहां भटकते रहते हैं। जो लोग गलियों कुत्‍तों को भोजन देते हैं, उन्‍हें तो खाना मिल रहा है, लेकिन कई कुत्‍ते सडक, बाजार और दुकानों के आसपास के वेस्‍ट पर निर्भर है, ऐसे में वे भूखे ही रह जाते हैं, क्‍योंकि सफाई में सारा वेस्‍ट फूड चला जाता है।

बता दें कि अक्टूबर महीने की बाइट केस की रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, एक महीने के भीतर 4178 लोग जानवरों के काटने के बाद इलाज के लिए अस्पतालों में पहुंचे हैं। इनमें से सबसे अधिक 3754 लोग अकेले डॉग बाइट के शिकार हुए हैं, जो कुल मामलों का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा है।

रोज 135 लोग पहुंच रहे अस्‍पताल: स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी की गई इस रिपोर्ट के मुताबिक, शहर में हर दिन औसतन 135 लोग जानवरों के हमलों का शिकार होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। इनमें से केवल कुत्तों के हमलों की बात करें तो औसतन हर दिन 121 लोग कुत्तों का शिकार हो रहे हैं। चिंता की बात यह है कि इन सभी घटनाओं में 759 मासूम बच्चे भी शामिल हैं, जिनका इस तरह अस्पताल पहुंचना प्रशासन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े करता है।

बिल्ली, चूहे और बंदर भी खतरा : कुत्तों के बाद सबसे अधिक मामले बिल्ली के काटने के सामने आए हैं। पूरे महीने में 252 लोगों को बिल्ली ने काटा, जिनमें 109 पुरुष, 96 महिलाएं और 47 बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा चूहे के काटने के 118 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 68 पुरुष, 35 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल हैं। बंदर के काटने के 45 मामले भी सामने आए, जिनमें 27 पुरुष, 12 महिलाएं और 6 बच्चे प्रभावित हुए। इसके अतिरिक्त अन्य जानवरों के काटने के 9 मामले भी दर्ज किए गए हैं।

खाने की कमी से हिंसक हो रहे कुत्‍ते : विशेषज्ञों, डॉक्‍टरों और डॉग लवर्स का मानना है कि जब से शहर स्‍वच्‍छता में अव्‍वल आ रहा है, तब से स्‍ट्रीट डॉग के लिए भोजन का संकट खडा हो गया है। पहले दुकानों, होटलों, रेस्‍टोरेंट और घरों के आसपास वेस्‍ट या बचा हुआ खाना मिल जाता था, लोग भी बचा हुए भोजन गाय और कुत्‍तों को खिला देते थे, लेकिन अब सफाई की वजह से कुत्‍तों को खाना नहीं मिल रहा है। गली मोहल्‍लों में रहने वाले कुत्‍तों को तो कुछ लोग खाना, दूध बिस्‍किट, ब्रेड आदि खिला देते हैं, लेकिन स्‍ट्रीट डॉग को खाने को नहीं मिल रहा है। कई गली मोहल्‍लों में तो लोग भी कुत्‍तों को खिलाने पर ऐतराज करते हैं। इसे लेकर कई बार डॉग लवर्स और कुत्‍तों से दूर रहने वालों के बीच विवा हो जाते हैं। उनका कहना है कि कुत्‍तों के लिए प्रशासन को खाने की व्‍यवस्‍था करना चाहिए, या कम से कम ऐसा नियम बनाया जाना चाहिए कि जो लोग कुत्‍तों को खाना खिलाते हैं, उनसे दूसरे लोग विवाद न करें।