
भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध शराब की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। बुधवार देर रात निशातपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1075 पेटी अंग्रेजी शराब से भरा आयशर ट्रक जब्त किया है। ट्रक से करीब 9700 लीटर BLACK FORT प्रीमियम रम बरामद हुई है। जब्त शराब की कीमत करीब 96 लाख रुपए और ट्रक की कीमत 20 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने कुल 1 करोड़ 16 लाख रुपए का मशरूका जब्त कर ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक ट्रक गांधी नगर से करोंद की ओर तेज रफ्तार में जा रहा था। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर पुलिस ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से भागने लगा। इस दौरान आधार अस्पताल के पास ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए पीपुल्स मॉल के पास घेराबंदी की और ट्रक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसमें BLACK FORT प्रीमियम रम की 1075 पेटियां मिलीं, जिनमें करीब 9700 लीटर शराब भरी हुई थी।
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर रामकिशन बमोरिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। शराब की पेटियों पर सोम डिस्टिलरीज एंड ब्रेवरीज लिमिटेड, रायसेन का नाम दर्ज मिला है। कार्रवाई के दौरान पुलिस को शराब के परिवहन और खरीदी-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस और आबकारी विभाग अब इस बात की जांच कर रही है कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। शराब की खरीदी-बिक्री और परिवहन में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पूरे अवैध शराब नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।


