दावेदारों की मौजूदगी में खुलेगी लालबाग की 100 किलो की तिजोरी, एक महिला और खासगी ट्रस्‍ट ने किया दावा

दावेदारों की मौजूदगी में खुलेगी लालबाग की 100 किलो की तिजोरी, एक महिला और खासगी ट्रस्‍ट ने किया दावा

lal bagh indore

इंदौर के लालबाग परिसर में मिली 100 किलो वजनी तिजोरी का रहस्‍य गहराता जा रहा है। तिजोरी को अब दावेदारों की मौजूदगी में खोला जाएगा, हालांकि तिजोरी की चाबी किसी के पास नहीं है। इस बीच एक महिला ने तिजोरी पर अपना हक जताया है। वहीं खासगी ट्रस्ट ने भी इस पर दावा पेश किया है।

बता दें कि दो दिन पहले लालबाग पैलेस के परिसर में खुदाई के दौरान यह 100 किलो की प्राचीन तिजोरी मिली है। जिसके बाद एक महिला ने इस पर अपना दावा किया है। वहीं, खासगी ट्रस्ट ने भी तिजोरी पर दावा करते हुए पुरातत्व विभाग को एक पत्र लिखा है। पत्र में मांग की गई है कि तिजोरी ट्रस्ट के पदाधिकारियों की मौजूदगी में खोली जाए, ताकि उसमें राजपरिवार से जुड़ी सामग्री या दस्तावेजों की जानकारी मिल सके।

तिजोरी की नई चाबी बनेगी : अब कहा जा रहा है कि अफसर तिजोरी की नई चाबी बनवाएंगे और नियमों का पालन करते हुए दावेदारों की मौजूदगी में इसे खोला जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। फिलहाल अफसर विशेषज्ञों से तिजोरी की सफाई करवाएंगे। लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण तिजोरी के ज्यादातर हिस्सों पर जंग लग गई है और मिट्टी भी जम गई है। विशेषज्ञों की मदद से तिजोरी की केमिकल से सफाई कराई जाएगी, ताकि उस पर बने चिह्नों और अन्य निशानियों के आधार पर उसके मालिकाना हक से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके।

क्‍या कहा दावा करने वाली महिला ने : तिजोरी का हैंडल भी टूटा हुआ है और उसमें चाबी लगाने का छेद भी नहीं है। लालबाग परिसर में रहने वाली महिला वंदना सोनी ने तिजोरी पर अपना हक जताया है, लेकिन अभी तक उन्होंने इस संबंध में अफसरों के सामने कोई सबूत पेश नहीं किया है। महिला का कहना है कि तिजोरी 50 साल से भी ज्यादा पुरानी है। पहले यह गुना स्थित उनके पैतृक निवास पर रखी हुई थी। बाद में जब परिवार इंदौर आया तो तिजोरी को भी अपने साथ ले आया। हालांकि, महिला ने अभी तक पुरातत्व विभाग के अफसरों के सामने लिखित रूप से तिजोरी पर अपना दावा प्रस्तुत नहीं किया है।