
इंदौर में महिला पार्षद संध्या यादव पर टिप्पणी मामले में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बैकफुट पर आ गए हैं। मंगलवार को उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपनी टिप्पणी पर खेद प्रकट किया है। साथ ही कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस ने बयान को गलत तरीके से पेश किया है।
बता दें कि विजयवर्गीय ने रविवार को विधानसभा क्रमांक-एक के वार्ड-6 में 7 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान पार्षद संध्या पर टिप्पणी की थी। उन्होंने पार्षद के काम की तारीफ करते हुए कहा था ‘संध्या दीदी की भी जरा चौड़ाई बढ़ गई… थोड़ी सी।’ इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
‘पीटीआई’ के मुताबिक, इंदौर में मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा एक महिला पार्षद के ‘वजन बढ़ने’ पर की गई हास्यस्पद टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने इसे ‘बॉडी शेमिंग’ (शारीरिक बनावट पर टिप्पणी करना) से जोड़ते हुए महिलाओं के सम्मान को लेकर बीजेपी के दावों पर सवाल उठाए हैं।
बीजेपी बोली, झूठा प्रचार कांग्रेस का: पलटवार करते हुए बीजेपी ने कांग्रेस पर झूठा प्रचार फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि विजयवर्गीय का पार्षद के वजन बढ़ने का जिक्र “पिता तुल्य स्नेह” के कारण था। अपने भाषण के दौरान, विजयवर्गीय ने महिला पार्षद के वजन बढ़ने का जिक्र करते हुए मजाक में टिप्पणी की कि उनकी “चौड़ाई थोड़ी बढ़ गई है” भाषण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कैबिनेट मंत्री की टिप्पणी के बाद मंच पर मौजूद नेता हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पार्षद संध्या बोलीं- विजयवर्गीय मेरे पिता समान: वहीं दूसरी तरफ संध्या यादव ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय उनके पिता तुल्य हैं और दोनों के बीच पिता-पुत्री का रिश्ता है। उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय ने उन्हें बचपन में गोद में खिलाया है। पार्षद ने लोगों से वायरल टिप्पणी को लेकर चल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।


