एक छोटा सा आइडिया कब बड़ा बिजनेस बन जाए, यह कहना मुश्किल है। सैन फ्रांसिस्को की फ्रीलांस राइटर एमी सुटो ने भी शायद नहीं सोचा था कि लेखकों की मदद के लिए शुरू किया गया उनका साधारण न्यूजलेटर एक दिन करोड़ों रुपये की कमाई करने लगेगा। जून 2023 में उन्होंने लेखकों के साथ पेड काम के मौके, करियर टिप्स और राइटिंग से जुड़ी उपयोगी जानकारी शेयर करने के लिए Substack शुरू किया था। शुरुआत में यह सिर्फ दूसरे राइटर्स की मदद करने की कोशिश थी, लेकिन धीरे-धीरे पाठकों की संख्या बढ़ती गई और प्लेटफॉर्म का दायरा भी बड़ा होता गया। आज इस न्यूजलेटर से 58 हजार से ज्यादा लोग जुड़े हैं। इसमें जॉब बोर्ड, राइटिंग रिसोर्स और राइटर्स की कम्युनिटी जैसी सुविधाएं भी हैं।
खास बात यह है कि इस बिजनेस को बढ़ाने के लिए एमी ने बड़े विज्ञापन खर्च का सहारा नहीं लिया। लगातार उपयोगी कंटेंट और सही ऑडियंस ने इस छोटे आइडिया को एक कमाई वाले साइड बिजनेस में बदल दिया।
लेखकों की मदद के लिए शुरू किया था न्यूजलेटर
एमी सुटो ने जून 2023 में अपना Substack न्यूजलेटर शुरू किया था। शुरुआत में उनका मकसद कोई बड़ा बिजनेस खड़ा करना नहीं था। वह अपने जैसे दूसरे लेखकों के साथ राइटिंग के मौके और काम से जुड़ी जानकारी शेयर करना चाहती थीं।
फ्रीलांस राइटर के तौर पर काम करते हुए सुटो से अक्सर दूसरे लेखक पूछते थे कि उन्हें पेड राइटिंग प्रोजेक्ट कहां से मिलते हैं। इसी जरूरत को देखते हुए उन्होंने एक ऐसा प्लेटफॉर्म बनाने का फैसला किया, जहां लेखकों को काम के अवसर आसानी से मिल सकें।
पेरिस के कैफे में आया बड़ा आइडिया
इस बिजनेस को आगे बढ़ाने वाला एक अहम मोड़ पेरिस में आया। एक कैफे में काम करते समय सुटो को महसूस हुआ कि उनके पास इतने प्रोजेक्ट आ रहे हैं कि वह सभी काम खुद नहीं कर सकतीं।
दूसरी तरफ क्लाइंट्स नए लेखकों के लिए उनसे संपर्क कर रहे थे। सुटो के पास इन कामों को लेने का समय नहीं था, लेकिन वह दूसरे लेखकों को इन अवसरों से जोड़ सकती थीं। यहीं से ‘Make Writing Your Job’ का आइडिया सामने आया।
2024 में जॉब बोर्ड ने बदली तस्वीर
शुरुआत में न्यूजलेटर पर राइटिंग टिप्स और करियर से जुड़ी जानकारी साझा की जाती थी। इसके बाद 2024 में सुटो ने पेड जॉब बोर्ड शुरू किया।
पहले इसमें ऐसे काम शामिल किए जाते थे, जिन्हें सुटो खुद नहीं कर पा रही थीं। बाद में उन्होंने अपने पति काइल कॉर्ड्स के साथ मिलकर इंटरनेट पर अलग-अलग जगहों से राइटिंग जॉब तलाशना शुरू किया और उन्हें सब्सक्राइबर्स तक पहुंचाया।
सिर्फ नौकरी नहीं, राइटर्स के लिए पूरा प्लेटफॉर्म
समय के साथ यह न्यूजलेटर सिर्फ जॉब लिस्ट तक सीमित नहीं रहा। इसमें राइटिंग से जुड़े मुफ्त संसाधन, लेखकों के इंटरव्यू और ‘The Guest Stack’ जैसी सीरीज भी जोड़ी गईं।
इससे पाठकों को नौकरी तलाशने के साथ-साथ नई चीजें सीखने और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के अनुभव जानने का मौका मिलने लगा।
बिना बड़े विज्ञापन खर्च के बढ़ी पहुंच
सुटो ने न्यूजलेटर की ग्रोथ के लिए लगातार कंटेंट पर ध्यान दिया। वह शुरुआत से हर सप्ताह नया न्यूजलेटर प्रकाशित करती रहीं। इसके अलावा LinkedIn, Threads और Substack Notes जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए नए पाठकों तक पहुंच बनाई।
खास बात यह है कि Business Insider के अनुसार, सुटो और उनके पति ने विज्ञापन पर 100 डॉलर से भी कम खर्च किया।
58 हजार सब्सक्राइबर्स और करोड़ों की कमाई
आज इस प्लेटफॉर्म से 58 हजार से ज्यादा लोग जुड़े हैं। कमाई के लिए अलग-अलग मेंबरशिप प्लान रखे गए हैं। स्टैंडर्ड प्लान 19 डॉलर प्रति महीने का है, जबकि फाउंडिंग मेंबरशिप 550 डॉलर सालाना की है। 2025 के मध्य तक बिजनेस की सालाना कमाई छह अंकों तक पहुंच गई थी। इसके बाद रेवेन्यू दोगुने से भी ज्यादा बढ़ा। अब यह वेंचर 2.63 लाख डॉलर यानी करीब 2.5 करोड़ रुपये से ज्यादा की सालाना ग्रॉस रिकरिंग रेवेन्यू कमा रहा है।

