भारतीय शेयर बाजारों में तेजी लौट आई है। पिछले 12 कारोबारी सत्रों में से 10 में सेंसेक्स करीब 8,755 अंक चढ़ा है, जबकि निफ्टी में 2,655 अंकों की तेजी आई है। यह करीब 12 फीसदी का उछाल है। इससे सेंसेक्स और निफ्टी फरवरी के बाद सबसे हाई लेवल पर पहुंच गए हैं।
बाजार की इस तेजी के पीछे कई वजहें हैं। इसमें सबसे अहम अमेरिका में मिड टर्म इलेक्शंस के नतीजे है। ट्रंप की पार्टी की चुनावों में करारी हार से वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता कम हुई है। क्रूड ऑयल की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। AI कंपनियों को लेकर सेंटीमेंट बदला है। इससे विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार का रुख किया है। इधर, भारत में सितंबर तिमाही के कंपनियों के नतीजों ने भी सेटीमेंट मजबूत किया है।
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, भू-राजनीतिक तनाव कम होने की उम्मीद, विदेशी निवेशकों की वापसी और कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। 3 नवंबर को अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनावों के बाद ईरान संघर्ष में तनाव कम होने की संभावनाओं ने भी बाजार की धारणा को मजबूत किया है।
बाजार में बने रहने वाले निवेशक क्या करें?
जिन निवेशकों ने गिरावट के दौरान भी अपना निवेश बनाए रखा, उनके पोर्टफोलियो में अब रिकवरी दिख रही है। ऐसे निवेशकों के सामने अब मुनाफावसूली का सवाल हो सकता है। हालांकि, केवल कुछ हफ्तों की तेजी के आधार पर शेयर बेचने का फैसला सही रणनीति नहीं होगी। निवेशकों को अपने वित्तीय लक्ष्य, निवेश की अवधि और एसेट एलोकेशन को ध्यान में रखकर फैसला करना चाहिए।
गिरावट में शेयर बेचने वाले निवेशक अब क्या करें?
जिन निवेशकों ने बाजार की गिरावट के दौरान अपने शेयर बेच दिए थे, उनके सामने अब दोबारा निवेश करने की चुनौती है। बाजार करीब 12 फीसदी चढ़ चुका है। ऐसे में तेजी देखकर एकमुश्त निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है। इस स्थिति में एक साथ पूरी रकम लगाने के बजाय चरणबद्ध तरीके से निवेश करना बेहतर रणनीति हो सकती है। इससे निवेशकों को बाजार के उतार-चढ़ाव के बीच अलग-अलग स्तरों पर निवेश करने का मौका मिलेगा।
पहली बार निवेश करने वालों को क्या करना चाहिए?
पहली बार शेयर बाजार में निवेश करने वालों को मौजूदा तेजी देखकर अपनी पूरी बचत इक्विटी में लगाने से बचना चाहिए। सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए निवेश करने से अलग-अलग बाजार स्तरों पर खरीदारी होती है। इससे किसी एक स्तर पर निवेश करने का जोखिम कम किया जा सकता है। वहीं, एकमुश्त निवेश करने वालों को शेयरों की वैल्यूएशन, अपनी जोखिम लेने की क्षमता और निवेश की अवधि का आकलन करना चाहिए।

