Market Outlook : हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार, जानिए 13 नवंबर को कैसी रह सकती है सेंसेक्स-निफ्टी की चाल

Market Outlook : 12 नवंबर को उतार-चढ़ाव भरे कारोबारी सत्र में भारतीय बेंचमार्क इंडक्स पॉजिटिव रुख के साथ बंद हुए,जिसमें निफ्टी 25,300 के आसपास टिका रहा। बाजार बंद होने पर सेंसेक्स 31.61 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,911.01 पर और निफ्टी 44.30 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,299.35 पर बंद हुआ। इस दौरान लगभग 2377 शेयरों में तेजी आई, 1878 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई जबकि 195 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

निफ्टी में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में HDFC लाइफ, बजाज फाइनेंस, श्रीराम फाइनेंस, SBI लाइफ इंश्योरेंस और SBI शामिल रहे, जबकि ONGC, HUL, M&M, नेस्ले और पावर ग्रिड कॉर्प में गिरावट देखी गई।

सेक्टर के हिसाब से मिला-जुला रुझान रहा। निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 3.7 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे आगे रहा, निफ्टी मीडिया में 2.4 प्रतिशत और निफ्टी PSU बैंक में 1.4 प्रतिशत की तेजी आई। वहीं, निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी बैंक में क्रमशः 0.87 प्रतिशत और 1 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

दूसरी ओर, निफ्टी ऑटो में सबसे ज्यादा 1 प्रतिशत की गिरावट आई, इसके बाद निफ्टी फार्मा में 0.57 प्रतिशत की गिरावट रही। निफ्टी FMCG और ऑयल एंड गैस में क्रमशः 0.88 प्रतिशत और 0.76 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि निफ्टी एनर्जी और इंफ्रा में 0.6-0.6 प्रतिशत की और निफ्टी IT में 0.4 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।

निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.85% और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.1% की तेजी आई।

आगे कैसी रह सकती है बाजार की चाल?

PL कैपिटल में एडवाइजरी और डीलिंग के चीफ बिजनेस ऑफिसर विक्रम कसाट का कहना है कि भारतीय इक्विटी बाजारों में आज सतर्कता का माहौल रहा। बाजार के शुरुआती बढ़त का बड़ा हिस्सा गंवाना पड़ा। हालांकि, ब्रॉडर मार्केट मजबूत बने रहे। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि रियल्टी और बैंकिंग शेयरों की लीडरशिप में तमाम सेक्टर्स में तेजी देखने को मिली।

11 नवंबर को विदेशी निवेशकों (FII) द्वारा ₹12,563 करोड़ का निवेश किए जाने से बाजार के सेंटीमेंट को सपोर्ट मिला। हालांकि डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होकर ₹93.81 पर आ गया। ब्रेंट क्रूड की कीमत लगभग $92 प्रति बैरल के आसपास रही,जबकि घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतें दबाव में रहीं।

आगे विदेशी निवेशकों के रुझान, मुद्रा में स्थिरता, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और दूसरी तिमाही के नतीजे जैसे फैक्टर बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। निकट भविष्य में बाजार में स्टेबिलिटी के बीच चुनिंदा शेयरों में निवेश के अच्छे मौके हैं।

बाजार के लिए सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल

कोटक नियो के हेड इक्विटी रिसर्च श्रीकांत चौहान का कहना है कि बेंचमार्क इंडेक्स में एक सीमित दायरे में कारोबार देखने को मिला। निफ्टी 44 अंक ऊपर बंद हुआ,जबकि सेंसेक्स में 32 अंकों की तेजी रही। सेक्टर्स की बात करें तो आज रियल्टी इंडेक्स ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और इसमें 4.50 प्रतिशत की तेजी आई,जबकि ऑटो इंडेक्स में 1 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।

तकनीकी रूप से डेली चार्ट पर बाजार में एक छोटी कैंडल बनी है,जबकि इंट्राडे चार्ट पर तेजी करने वालों और मंदी करने वालों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। डे ट्रेडर्स के लिए निफ्टी में 25150 का स्तर अब एक इमीडिएट सपोर्ट जोन का काम करेगा, जबकि 25400 का स्तर बुल्स के लिए एक इमीडिएट रेजिस्टेंस जोन हो सकता है।

जब तक बाजार इस दायरे के भीतर कारोबार करेगा,तब तक किसी स्पष्ट दिशा के बिना उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। ऊपरी स्तर पर,25400 के पार जाने पर निफ्टी 25500-25550 तक जा सकता है,जबकि 25150 के नीचे जाने पर यह 25050-25000 के स्तर तक फिसल सकता है।

 

 

Trading Plan : अब FIIs की खरीदारी पकड़ सकती है और जोर, बस कच्चे तेल के फैक्टर का रखें ध्यान

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।